श्रावण के दूसरे सोमवार को मंदिरों दर्शन को लगी कतार
Second Monday of Sawan : भगवान भोलेनाथ के प्रिय मास श्रावण के दूसरे सोमवार को पाली जिले की गलियों में भोर होने से पहले ही ओम नम: शिवाय की ध्वनि गूंजी। हर-हर महादेव के स्वर के साथ श्रद्धालुओं ने महादेव के दरबार में धोक लगाकर व अभिषेक कर मंगल कामना की। इन्द्र देव ने भी सुबह होते ही जल बरसाकर शंकर भगवान को नमन किया।
शहर के सोमनाथ महादेव मंदिर के साथ सभी शिवालयों में सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं ने नमःशम्भवाय च मयोभवाय च नमःशंकराय च मयस्कराय च नमः... जैसे मंत्र बोलते हुए अभिषेक किया। भगवान को जल, दूध, शहद, गन्ने के रस, गंगा जल आदि अर्पित किए। व्रत व उपवास करने वाले श्रद्धालुओं ने घरों में विधि-विधान से भगवान का पूजन व अभिषेक कर प्रसाद का वितरण किया। मंदिरों में पूरे दिन श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।
सोमनाथ महादेव मंदिर में पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। भगवान का मंदिर में ऐसा श्रृंगार किया गया, जिसे श्रद्धालु अपलक निहारते रह गए। मंदिर परिसर में महिलाओं व पुरुषों ने भजन गाकर महादेव के साथ गजानन, माता पार्वती आदि की महिमा का बखान किया। इसी तरह शहर के निहालेश्वर महादेव, ओमकारेश्वर, रत्नेश्वर, नंदेश्वर, पातालेश्वर, मंडलेश्वर, टैगोर नगर शिवालय, शिवाजी नगर मंदिर, राजेन्द्र नगर के शिवालय, नया गांव शिवालय, रजत विहार शिवालय, मणि नगर शिवालय के साथ अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने शिवाभिषेक किया।
भगवान आशुतोष के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु अरावली की पहाडि़यों में विराजमान बाबा परशुराम के दर्शनार्थ गए। वहां पहाड़ी पर गुफा में बैठे बाबा का अभिषेक किया। उधर, कई श्रद्धालुओं ने जिले के साथ अन्य जगहों पर िस्थत शिवालयों में परिजनों व मित्रों के साथ दर्शन कर शीश नवाया। कई मंदिरों में भजन संध्याओं का आयोजन किया गया। जिसमे श्रद्धालुओं के साथ गायकों ने एक से बढ़कर एक भजन सुनाकर श्रोताओं को भक्ति से सराबोर कर दिया।