
पाली ।श्रावण मास के ग्यारहवें दिन इन्द्रदेव पाली पर जमकर मेहरबार हुए। शनिवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे शुरू हुई राहत की बरसात रविवार शाम साढ़े छह बजे तक बरसती रही। कभी रिमझित तो कभी तेज बरसात होती रही। करीब 18 घंटे में पाली तहसील में सात इंच बरसात होने से जिससे जिलेवासियों के चेहरे खुशी से चमक उठे। जिले में पाली तहसील क्षेत्र में शनिवार रात 12 से रविवार शाम पांच बजे तक सबसे ज्यादा 184 एमएम बरसात दर्ज की गई। रायपुर-लुणी बांध व बिराटियां खुर्द का झिलमिल बांध में पानी की अच्छी आवक होने से शाम सात बजे तक ओवरफ्लो के निकट पहुंच गए। हेमावास बांध में भी बरसात से करीब दो फीट पानी की आवक हुई। जिसमें देर रात तक पानी की आवक जारी रही। सादड़ी बांध में भी करीब छह फीट पानी की आवक हुई।
कहां कितनी बरसात
सिंचाई विभाग के अनुसार रविवार सुबह आठ से शाम पांच बजे तक पाली तहसील में 141 एमएम बरसात हुई। इसी तरह बाली तहसील में 11 एमएम, देसूरी तहसील में 25, बाली तहसील में 11 एमएम, मारवाड़ जंक्शन तहसील में 80 एमएम, सोजत तहसील में 56 एमएम, रायपुर तहसील में 40 एमएम, जैतारण तहसील में 37 एमएम, रोहट तहसील में 70 एमएम बरसात दर्ज की गई। जिले के सुमेरपुर तहसील में अच्छी बरसात नहीं होने से जवाई बांध में पानी की आवक नहीं हुई।
किस बांध में कितना पानी
जवाई बांध - तीन फीट, हेमावास बांध - 12.80 फीट, राणकपुर बांध- 44.20 फीट, रायपुर-लुणी बांध - 12 फीट, बिराटियां खुर्द झिलमिल बांध - 15 फीट, फुलाद बांध- चार फीट।
पहली बरसात में ही खुली नगर परिषद के ड्रेनेज सिस्टम की पोल
पाली शहर में पहली बरसात ने ही नगर परिषद के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोल कर रख दी। कई मोहल्लें में नाले गंदगी से अटे नजर आए। बरसाती पानी सडक़ों पर भरा रहा। शहर के इन्दिरा कॉलोनी मुख्य सडक़, मंडिया रोड, शिक्षा विभाग के सामने, जालोर दरवाजा, कालूजी बगेची रोड, विवेकानंद सर्किल, पुलिस लाइन क्षेत्र, औद्योगिक थाना रोड, भटवाड़ा, अम्बेडकर सर्किल, आदर्श नगर, शेखावत नगर सहित शहर के कई मोहल्लों में सडक़ों पर भारी भरा रहा। आदर्श नगर में तो कई घरों के बरामदों में बरसाती पानी भर गया।
सीवरेज ने किया कोढ़ में खाज का काम
शहर में चल रहे सीवरेज कार्य ने कोढ़ में खाज का काम किया। शहर के जोधपुर रोड भटवाड़ा के निकट जगह-जगह खड्डे खोद रखे हैं। इसमें बरसाती पानी भर गया। नया गांव रोड, जवाहर नगर, सुंदर नगर, सुभाष नगर, शिवाजी नगर में भी सीवरेज के गड्डों में पानी भरा रहा। इसमें कई वाहन धंस गए। गनीमत रही कि बड़ा हादसा नहीं हुआ। बरसात के कारण महावीर नगर में एक विद्युत खम्भा झुक गया।
फैक्ट्रियों का रंगीन पानी सडक़ों पर
शहर के आइटीआई रोड, शिवाजी नगर, सरदार पटेल नगर, भटवाड़ा क्षेत्र में सडक़ों पर बरसाती पानी के साथ रंगीन पानी बहता नजर आया। मंडिया रोड मुख्य सडक़ पर भी बरसाती पानी में रंगीन पानी नजर आया। प्रदूषण नियंत्रण मंडल को भी रंगीन पानी सडक़ों पर फैलने की शिकायतें मिली।
अंडरब्रिज पानी-पानी
सर्वोदय नगर अंडरब्रिज पानी से भर गया। इसके चलते पटरी के उस पार रहने वाले लोगों को आने-जाने के लिए ओवरब्रिज का उपयोग करना पड़ा। अंडरब्रिज में पानी भर जाने से क्षेत्रवासियों ने रोष जताया।