
जैन युवा संगठन की ओर से 25 दिसम्बर को रवाना होने वाले शत्रुंजय, गिरनार, बाहुबली तीर्थ यात्रा संघ महोत्सव से शहर आस्था के रंग में रंग गया है। जैन समाजबंधु भक्ति में लीन है। महोत्सव के तहत नवलखा मंदिर में श्रावक-श्राविकाओं ने भक्ति गीतों की सरगम के साथ अन्तराय कर्म निवारण पूजन कर भगवान की आराधना की। मुनिसुव्रत महिला मंडल व नवलखा महिला मंडल की ओर से गाए भक्ति गीतों से श्रावक-श्राविकाएं भक्ति में लीन हो गए। पूजा के लाभाथीZ ज्ञानचंद, लीला देवी, गौरव कुमार, पूजा लोढा, सौरभ कुमार, सपना लोढा ने मंडलों का स्वागत किया। संगठन के सुरेश लुंकड़, मनोज लुंकड़, हितेश चौपड़ा ने भी भगवान की आराधना की।
बीस स्थानक पूजा व गांव सांझी आज
जैन युवा संघठन महिला विंग की संतोष बाफना ने बताया कि शनिवार सुबह 10 बजे बीस स्थानक पूजा नवलखा मंदिर में की जाएगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे गांव सांझी महिला संगीत का कार्यक्रम नवलखा आरधना भवन में आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर महिलाओं ने हथेलियों पर मेहंदी रचाई। महिला विंग की नीलम कुण्डलिया व पारुल लोढ़ा ने बताया कि गांव सांझी के लिए युवक-युवतियां पिछले 10 दिनों से तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए भानु सुंदेशा, प्रेक्षा कावड़िया ने धार्मिक नृत्य सिखाया। वहीं राजू जैन, निर्मल बालिया के नाटक की प्रस्तुति तैयार की है।
ट्रेन टिकट का वितरण शुरू
यात्रा को लेकर बागबेड़ा दादावाड़ी में संघ ट्रेन टिकट वितरण शुरू किया गया है। जैन युवा संगठन के पूर्व अध्यक्ष विनय बम्ब व परेश बाफना ने बताया कि 15 दिवसीय स्पेशल एसी तीर्थ यात्रा ट्रेन टिकट के साथ दैनिक दिनचर्या के उपयोग में आने वाली सामग्री का एक किट भी दिया जा रहा है। किट का लाभ लेने वाले उगमराज चौपड़ा, अशोक कुमार चौपड़ा का स्वागत संगठन के गौतमचंद गोगड़, नितेन्द्र जैन, दीपक बोहरा, धवल भंडारी, निहालचंद कावड़िया, अशोक तलेसरा, अरविंद धारीवाल, राकेश कुण्डलिया, कल्पेश लोढ़ा ने किया।