
पाली। कोरोना वायरस [ Corona virus ] के संक्रमण की आशंका ने शुक्रवार को जिला प्रशासन [ District administration ] के साथ पुलिस प्रशासन [ Pali Police ] की नींद उड़ा दी। शहर के प्यारा चौक निवासी एक बुजुर्ग को बांगड़ अस्पताल [ Bangar Hospital ] में भर्ती कराया गया था। उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इसमें कोरोना संक्रमण [ Corona infection ] की आशंका के चलते तत्काल सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजा गया।
दूसरी तरफ पुलिस की सहायता से प्यारा चौक क्षेत्र को सील कर दिया गया। वहां बल्लियां लगाकर सभी गलियों को बंद कर दिया गया। बुजुर्ग के परिजनों को घर में क्वारंटाइन कर उनके सैम्पल जांच के लिए भेजे गए। शहर में पूरे दिन यह घटना चर्चा का विषय रही। इसके बाद रात में बुजुर्ग की सैम्पल रिपोर्ट नेगेटिव आने पर जिला प्रशासन के साथ चिकित्साधिकारियों ने राहत की सांस ली।
कलक्ट्रेट का दरवाजा भी कराया बंद
इस बुजुर्ग के कोरोना की आशंका के बाद जिला कलक्ट्रेट परिसर में प्रवेश के लिए बनाए दोनों द्वार एक बार पुलिस की ओर से बंद करवा दिए गए। प्रशासनिक अधिकारियों व कार्मिकों के वाहनों को ही परिसर में लाने के आदेश दिए गए। हालांकि बाद में एक दरवाजा खोल दिया गया। इस बारे में पुलिस अधिकारियों का कहना था कि कलक्ट्रेट में अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए ऐसा किया गया है।
104 नमूने भेजे जांच में
जिले से अब तक 104 मरीजों के नमूने जांच के लिए भिजवाए गए है। इनमें से 85 नमूने नेगेटिव आए है। जबकि 17 मरीजों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए 9 मरीजों की दुबारा जांच की गई है। जिला कलक्टर दिनेशचन्द जैन ने बताया कि जिले में 658 टीमों की ओर से अब तक 7 लाख 51 हजार 584 घरों का सर्वे कर 26 लाख 95 हजार 418 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के दौरान सामान्य सर्दी जुकाम के 43 हजार 455 मरीज मिले है।
लापोद के मरीज की स्थिति सामान्य
लापोद गांव में पॉजिटिव मिले मरीज को लेकर भी राहत मिली है। पाली में उसकी तबीयत बिगडऩे पर जोधपुर भेजा गया था। वहां उपचार के बाद अब उसकी स्थिति सामान्य है। इधर, लापोद गांव को अभी तक सील किया हुआ है। पॉजिटिव आए मरीज के परिजनों के साथ अन्य लोगों को होम क्वारंटाइन किया हुआ है।
नौ हजार लोगों में सर्दी-जुकाम के लक्षण
जिले के अस्पतालों की ओपीडी में 98 हजार 981 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। जिनमें 9 हजार 172 लोगों में सर्दी, जुकाम के लक्षण पाए गए। इन सभी व्यक्तियों की रोजाना मॉनिटरिंग की जा रही है।
आइसोलेशन में नौ जने भर्ती
पाली के बांगड़ अस्पताल में बनाए आइसोलेशन वार्ड में अभी नौ जने भर्ती है। जबकि शहर में 15 जने क्वारंटाइन है। इनमें से 10 तबलीगी जमात में शामिल होकर आए लोग है। हालांकि, उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर उनको क्वारंटाइन रखा गया है।
एसपी-एएसपी ने लिया शहर का राउंड
प्यारा चौक-जाकिर हुसैन मार्ग को सील करने के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। पुलिस अधीक्षक राहुल कोटोकी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वरलाल मेघवाल ने शहर के भीतरी हिस्सों का राउंड लिया। उन्होंने प्यारा चौक क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। साथ ही लॉकडाउन में बेवजह घरों से बाहन निकलने वाले लोगों से सख्ती से पेश आने की भी हिदायत दी।