8 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पाली: नशे में धुत्त महिला का बीच सड़क हंगामा, पानी डाला तो बरसाने लगी पत्थर, काबू करने के लिए बांधने पड़े हाथ

पाली के गांधी मूर्ति सर्किल पर नशे में धुत्त एक महिला ने सड़क पर लेटकर और पत्थर फेंककर हंगामा किया। इससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना पर पहुंची महिला पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

2 min read
Google source verification

पाली

image

Arvind Rao

Jun 08, 2026

Pali Drunk Woman Creates Ruckus

बीच सड़क लेटकर महिला ने मचाया उत्पात (पत्रिका फोटो)

Pali News: पाली शहर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने नशे की हालत में मुख्य सड़क पर जमकर हंगामा किया। शहर के व्यस्त गांधी मूर्ति सर्किल पर हुई इस घटना के कारण घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं लग रही थी। वह अचानक मुख्य सड़क के बीचों-बीच जाकर लेट गई, जिससे गाड़ियों के पहिए थम गए।

बता दें कि जब वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने स्थिति को संभालने के लिए महिला पर पानी के छींटे मारे और उसे हटाने की कोशिश की, तो वह अचानक उग्र हो गई। महिला ने गुस्से में आकर वहां से गुजरने वाले वाहनों और लोगों पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

महिला पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। महिला पुलिसकर्मियों ने पहले तो उसे प्यार से समझाने और सड़क से हटाने का प्रयास किया, लेकिन महिला शांत होने के बजाय पुलिसकर्मियों से ही उलझ गई और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने लगी। कभी वह सड़क पर चिल्लाने लगती तो कभी अजीब हरकतें करने लगती।

आखिरकार, स्थिति को बिगड़ता देख महिला पुलिसकर्मियों को स्थानीय लोगों की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद, महिला के हाथ बांधकर उसे जबरन काबू में किया गया और सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

अस्पताल में भी मचाया था उत्पात

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह महिला पाली की रहने वाली नहीं है। क्योंकि उसकी भाषा किसी अन्य राज्य की लग रही है। लोगों ने यह भी बताया कि बीते कल इस महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन वहां भी उसने डॉक्टरों और स्टॉफ के सामने जमकर उत्पात मचाया था। अस्पताल से निकलने के बाद उसने सोमवार को सड़क पर यह हंगामा खड़ा कर दिया।

पुलिस के सामने खड़ी हुई असमंजस की स्थिति

फिलहाल, पुलिस ने महिला को अपनी निगरानी में ले लिया है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती यह है कि महिला को सुरक्षित रूप से कहां छोड़ा जाए, क्योंकि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

पुलिस का कहना है, महिला के नशे में होने और मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की मेडिकल जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला कहां की रहने वाली है और पाली शहर तक कैसे पहुंची।