
पाली. प्रारम्भिक शिक्षा में लम्बा समय गुजारने या शैक्षणिक योग्यता बेहतर होने पर वहां के शिक्षकों को 6डी के तहत माध्यमिक शिक्षा में लिया जाना है। इसके लिए प्रारम्भिक शिक्षा विभाग की ओर से माध्यमिक शिक्षा के अधिकारियों को शिक्षकों की सूची सौंपी गई थी, लेकिन उनमें से अधिकांश शिक्षक प्रारम्भिक शिक्षा छोडऩे की चाह नहीं रखते हैं। प्रारम्भिक शिक्षा की ओर से माध्यमिक शिक्षा के 164 पदों के लिए करीब 260 शिक्षकों की सूची बनाई गई थी। इस सूची को लेकर माध्यमिक शिक्षा की ओर से शुक्रवार को परिवेदना मांगी गई थी। यह परिवेदना देने के लिए 170 शिक्षक पहुंच गए। अब यदि सभी परिवेदनाओं को मान ले तो 90 शिक्षक शेष बचते है। जो रिक्त पदों से 74 कम होंगे।
कार्यालय खुलने से पहले पहुंचे
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक में परिवेदना देने के लिए कार्यालय खुलने से पहले ही शिक्षक पहुंचना शुरू हो गए। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी और सहायक निदेशक के आते ही परिवेदना देने के लिए कक्ष के बाहर से लेकर मुख्य द्वार तक कतार लग गई। कक्ष में जाने की जगह तक नहीं रही। शिक्षक कतार में करीब एक से डेढ़ घंटे तक खड़े रहे।
बैठने की नहीं मिली जगह
शिक्षकों और उनके साथ आए परिजनों को कार्यालय में बैठने तक की जगह नहीं मिली। शिक्षक पहले एक से डेढ़ घंटे तक परिवेदना देने के लिए गर्मी में खड़े रहे। वहीं उनके परिजन पेड़ों की छांव या बाहर वाहनों के पार्र्किंग स्थल पर छाया में खड़े रहकर इंतजार करते रहे।
आज करेंगे काउंसलिंग
हम पदों की तुलना में करीब सवा गुना शिक्षकों को काउंसलिंग के लिए बुलाते है। इनमें से कई शिक्षकों को छूट मिलती है। उनकी परिवेदनाएं ली है। अब शनिवार को बालिया स्कूल में शिक्षकों की काउंसलिंग की जाएगी।
केके राजपुरोहित, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी, माध्यमिक, पाली