पाली

पहले लगाया था ताला, अब उसे फिर खोलेंगे…पढ़े पूरी खबर

प्रदेश के 495 समन्वित किए गए विद्यालय इस बार फिर होंगे शुरू प्रारम्भिक शिक्षा (आयोजना) विभाग ने जारी किए आदेश
2 min read
Mar 13, 2020
पहले लगाया था ताला, अब उसे फिर खोलेंगे...पढ़े पूरी खबर
पहले लगाया था ताला, अब उसे फिर खोलेंगे...पढ़े पूरी खबर

पाली. प्रदेश में कम नामांकन और अन्य कारणों से नजदीक के उच्च प्राथमिक, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्कूलों में समन्वित किए गए स्कूलों में इस सत्र से फिर बच्चों का शोर-गुल सुनाई देगा। प्रदेश में ऐसे 495 स्कूलों को फिर से शुरू करने के आदेश प्रारम्भिक शिक्षा (आयोजना) विभाग की ओर से जारी किए गए है। इनमें ज्यादातर प्राथमिक स्तर के विद्यालय है। जिनके शुरू होने पर पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों को अब घर से दूर अध्ययन के लिए नहीं जाना पड़ेगा। इनमें पाली जिले के भी सात स्कूल शामिल है। जबकि जालोर व सिरोही का एक भी स्कूल शामिल नहीं है। वैसे प्रदेश के 22 जिलों में ही समन्वित विद्यालय शुरू करने के आदेश है।

पाली के इन स्कूलों को करेंगे शुरू

पाली जिले में छह स्कूल जैतारण विधानसभा क्षेत्र तथा एक स्कूल सोजत विधानसभा क्षेत्र में शुरू किया जाएगा। जैतारण विधानसभा क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक विद्यालय बेरा निम्बडिय़ा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय चावण्डिया खुर्द (नया), राजकीय प्राथमिक विद्यालय बोगासनी खुर्द, राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामर बेरा कांवलिया, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भोमियाजी का ओरण, राजकीय प्राथमिक विद्यालय खिन्दावास को शुरू किया जाएगा। इसी तरह सोजत विधानसभा क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक विद्यालय बेरा बुकिया को शुरू किया जाएगा।

सबसे अधिक स्कूल जैसलमेर के

प्रदेश में सबसे अधिक समन्वित विद्यालय जैसलमेर में 91 शुरू करने के आदेश दिए गए है। इसके बाद 75 स्कूल बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र, 67 स्कूल जोधपुर, 48 स्कूल टोंक, 27 स्कूल बीकानेर, 26 स्कूल जयपुर, 20 स्कूल करोली, 18 स्कूल करोली में शुरू करने के आदेश दिए है। इसके अलावा 17-17 स्कूल चूरू व धौलपुर के है। सबसे कम स्कूल 3 अजमेर विधानसभा क्षेत्र के है।

पाली से भेजे थे 20 प्रस्ताव
जिले में समन्वित विद्यालयों को लेकर पिछले वर्ष अप्रेल में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया था। इसमें उपखण्ड स्तर से प्राप्त जानकारी पर 20 स्कूलों को शुरू करने के प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजे गए थे। इनमें से अब सात स्कूलों को स्वीकृति मिली है।

यह कार्य होंगे जरूरी
स्कूल शुरू करने पर प्राथमिक स्तर पर 15 व उच्च प्राथमिक स्तर पर 30 बच्चों का नामांकन जरूरी है। इसके साथ ही सुरक्षित भवन होना चाहिए। इससे कम नामांकन होने पर बच्चों को नजदीक के स्कूल में प्रवेश दिलाकर ट्रांसपोर्ट बाउचर योजना का लाभ दिलाना होगा। यदि समन्वित विद्यालय का किसी कार्य में उपयोग हो रहा है तो उसे खाली करवना होगा।

तैयारी कर दी शुरू

स्कूलों को नए सत्र से शुरू किया जाना है। इसे लेकर हमने तैयारी शुरू कर दी है। स्कूलों के शुरू होने पर ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को लाभ होगा।

जगदीशचंद राठौड़, जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय, प्रारम्भिक, पाली

Published on:
13 Mar 2020 07:00 am