- पुलिस हिरासत में खुद पर वार किया या मौके पर, इसकी जांच जारी- पुलिस सुरक्षा में अस्पताल में उपचार जारी
पाली। कोतवाली थाना क्षेत्र के जयनगर में चोरी की नियत से एक युवक फैक्ट्री की दीवार कूद गया। चौकीदार ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद युवक ने धारदार चाकू खुद की गर्दन पर वार कर खुद को गंभीर घायल कर दिया।
उसे पुलिस सुरक्षा में बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी इसका खुलासा नहीं हो पाया है कि युवक ने पुलिस हिरासत में खुद पर वार किया या मौके पर, इसकी जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार कालू उर्फ किशन पुत्र भूरा राम भील जो जयनगर स्थित अरुणा टेक्सटाइल फैक्ट्री में चोरी करने की नियत घुसा। इस दौरान चौकीदार के जाग जाने से चौकीदार ने उसे देख लिया। दोनों आमने-सामने हो गए। इसके बाद आरोपी कालू ने खुद पर धारदार हथियार से वार कर खुद को लहूलुहान कर दिया।
उसे बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के बाहर पुलिस तैनात की गई है। आरोप है कि युवक कालू ने पुलिस हिरासत में अपनी गर्दन पर वार किया। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। अभी उसके बयान नहीं हो पाए हैं। उसकी हालत खतरे से बाहर है।