
पाली. सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त कार। - पत्रिका
Pali Road Accident : पाली। राष्ट्रीय राजमार्ग 162 पर झूंठा गांव के समीप मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दक्षिण भारत के जाने-माने फिल्म निर्माता, निर्देशक एवं व्यवसायी 76 वर्षीय बक्ताराम चौधरी की मौत हो गई। बक्ताराम दक्षिण भारत में आर.बी. चौधरी के नाम से प्रसिद्ध थे। हादसे में उनके साथ कार चालक गौतम सीरवी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार रिसाणिया सोजतरोड हाल चैन्नई निवासी बक्ताराम सीरवी अपने भतीजे के साथ लिलाम्बा गांव में एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इस दौरान झूंठा गांव के पास अचानक सड़क पर गोवंश आने से उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी सुरक्षा दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी की बक्ताराम की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि चालक घायल हो गया।
सूचना पर रायपुर थाने के सहायक उपनिरीक्षक मनोहरलाल खोजा मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सुपुर्द कर दिया। पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए चेन्नई ले जाया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
आर.बी. चौधरी मूलरूप से पाली जिले के सोजत रोड कस्बे के पास रिसाणिया गांव से संबंध रखते हैं। दक्षिण भारत में फिल्म निर्माण में आने से पहले इस्पात, निर्यात एवं आभूषण व्यवसाय से जुड़े रहे। उन्होंने मलयालम फिल्म उद्योग से अपने कॅरियर की शुरुआत की और बाद में तमिल व तेलुगु सिनेमा में महत्वपूर्ण पहचान बनाई। वर्ष 1989 में उन्होंने आर. मोहन के साथ ‘सुपर’ बैनर के तहत फिल्म निर्माण किया तथा बाद में अपनी प्रॉडक्शन कंपनी सुपर गुड फिल्म्स की स्थापना की, जो दक्षिण भारतीय सिनेमा का प्रमुख बैनर बन गया।
उनके परिवार में चार बेटे हैं, सुरेश चौधरी, जीवन चौधरी जो व्यवसाई है। वहीं जिथन रमेश और जीवा जो प्रसिद्ध दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेता है। चौधरी ने तमिल, तेलुगु, मलयालम और हिंदी फिल्मों में निर्माण कर फिल्म जगत में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। उनके निधन से फिल्म उद्योग और समाज में गहरा शोक व्याप्त है।
Updated on:
05 May 2026 08:16 pm
Published on:
05 May 2026 08:16 pm
