पाली

हमले के मामले में दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

- पोक्सो एक्ट में भी मामला दर्ज, अन्य की तलाश जारी
2 min read
Dec 06, 2018
Feature image

सोजत। बगड़ी थाना क्षेत्र के कंटालिया गांव में गत सप्ताह देर रात को परिवार पर जमीन विवाद के चलते जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो जनों को गिरफ्तार किया है। बगड़ी थानाधिकारी हुकम गिरी के अनुसार कंटालिया गांव स्थित रामसागर बेरा पर पोकरराम, उदाराम सीरवी व अमराराम के बीच जमीन विवाद को लेकर झगड़ा हो गया था। रामसागर बेरा निवासी अमराराम सीरवी पुत्र घीसाराम, मुकनाराम चौकीदार सहित दर्जन भर लोगों ने पोकरराम सीरवी के परिवार पर हमला बोल दिया था। दोनों पक्षों में लाठी-भाटा जंग में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। पुलिस ने पोकरराम की रिपोर्ट पर जानलेवा हमले व पोक्सो का मामला दर्ज किया था। इस मामले में बुधवार को पुलिस ने रामसागर बेरा निवासी अमराराम सीरवी व मुकनाराम चौकीदार को गिरफ्तार किया है। दोनों को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

मेहंदी के बोरे बरामद, दो गिरफ्तार
सोजत। बगड़ी थाना पुलिस ने कंटालिया गांव स्थित एक गोदाम से चोरी के मेहंदी के बोरे बरामद किए। पुलिस ने बताया कि कंटालिया निवासी ढगलाराम पुत्र थानाराम सीरवी की रिपोर्ट पर ओमप्रकाश पुत्र बालाराम रेगर व खारिया मीठापुर निवासी ओमप्रकाश पुत्र पाबूराम चौकीदार को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय ने रिमाण्ड पर भेज दिया। उनसे पूछताछ जारी है। चोरी के मेहंदी के बोरे बरामद कर लिए गए है।

जंगल में लगी आग, ग्रामीणों ने बुझाई
रायपुर मारवाड़। सेंदड़ा थाना क्षेत्र के श्यामपुरा गांव के जंगल में अज्ञात कारणों से झाडिय़ों में आग लग गई। आग के विकराल होकर गांव की तरफ बढऩे पर एक बारगी अफरा-तफरी मच गई। दमकल पहुंचने का रास्ता नहीं होने से वन विभाग व पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। क्षेत्रीय वन अधिकारी रोशनलाल ने बताया कि दोपहर में सूचना मिली कि श्यामपुरा गांव से सटे जंगल में आग लग गई। इस पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम भी वहां पहुंच गई। जैतारण व ब्यावर सम्पर्क कर दमकल बुलाई गई, लेकिन दमकल के रास्ता नहीं होने मौके पर नहीं पहुंच सकी। वन विभाग व पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से ही आग पर काबू पाया।

ट्रक की चपेट से बाइक चालक की मौत
तखतगढ़। थाना क्षेत्र के कोसेलाव गांव में बुधवार सुबह ट्रक चालक ने बाइक चालक को कुचल दिया। हादसे में बाइक चालक की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर तखतगढ़ थाने से हैड कांस्टेबल मोहनलाल एवं चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह मय दल मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार पावा मार्ग पर बिसलपुर निवासी ट्रक जोगसिंह रावणा राजपूत ने ट्रक से पावा निवासी जोइताराम (65) हीराराम वैष्णव को चपेट में ले लिया। इससे जोइताराम की मौत हो गई।

Updated on:
06 Dec 2018 12:57 pm
Published on:
06 Dec 2018 11:28 am