
पाली. राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामासिया के निकट शराब के गोदाम से शराब बेचने का काम बंद नहीं होने से अब ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है। ग्रामीणों ने पत्रिका को बताया कि यहां गोदाम से 24 घंटे शराब बिक्री हो रही है। इसकी शिकायत पुलिस व आबकारी में की, लेकिन इसे बंद नहीं किया गया।
पत्रिका उठा चुका है मुद्दा
सुमेरपुर रोड पर रामासिया में हाइवे पर आबकारी विभाग की ओर से एक शराब की दुकान का गोदाम आवंटित किया हुआ है। गत दिनों राजस्थान पत्रिका ने यह मामला आबकारी विभाग के ध्यान में लाया था कि इस गोदाम से रिटेल में 24 घंटे शराब बिक्री हो रही है। इसका सीधा असर वाहन चालकों पर हो रहा है। साथ ही गोदाम से ही आस-पास के ढाबों पर अवैध शराब पहुंचाई जा रही है। गत दिनों सदर थाना पुलिस ने यहां कार्रवाई भी की थी, लेकिन आबकारी विभाग के अधिकारियों ने नियमों का हवाला देकर गोदाम को खुलवा दिया।
कार्रवाई होती है तो गोदाम होता है निरस्त
आबकारी नियमों की बात करे तो जिस दुकान के लिए शराब का गोदाम दिया जाता है, वह गोदाम निश्चित समय पर ही खुल सकता है और यहां से माल खरीदते ही हाथों-हाथ बंद करना पड़ता है। दुकान के बाहर ‘शराब का गोदाम’ लिखवाना होता है, लेकिन यहां के हालात कुछ और है। पाली से गुंदोज की तरफ जाने वाले इस हाइवे पर रामासिया पेट्रोल पम्प के पास एक खेत में यह गोदाम आवंटित है। गोदाम से 24 घंटे शराब बेची जा रही है, आबकारी अधिकारी इधर से गुजरते भी है, लेकिन कार्रवाई नहीं करते। इस सम्बंध में आबकारी से नियम-दस्तावेज भी मांगे गए, लेकिन उपलब्ध नहीं करवाए गए। गोदाम से शराब बिक्री पर आबकारी महकता कार्रवाई करता है तो गोदाम का लाइसेंस निरस्त हो सकता है।
हाइवे पर पत्रिका चला चुका है अभियान
राजमार्ग पर अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ राजस्थान पत्रिका अभियान चला चुका है। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हाइवे के नौ ढाबों से अवैध शराब भी जब्त की थी। गुंदोज की तरफ अधिकांश ढाबों पर इस गोदाम से शराब सप्लाई होने की खबर है।
इनका कहना है
शराब के गोदाम से रिटेल में शराब बिक्री गलत है। वह भी हाइवे पर खुलेआम बिक रही है तो निश्चित ही कार्रवाई की जाएगी। इस सम्बंध में अधिकारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाएगा।
- छगनलाल श्रीमाली, अतिरिक्त आबकारी आयुक्त,
आबकारी विभाग, जोधपुर जोन।