पाली

यहां दो दशक से ट्रेन का है इंतजार

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Mar 12, 2019
Waiting for trains at Haripur station of Raipur area of Pali district
यहां दो दशक से ट्रेन का है इंतजार

रायपुर मारवाड़। पाली जिले के रायपुर क्षेत्र के रेल यात्रा के लिहाज से दो दर्जन गांवों के लोगों के लिए एक मात्र सहारा माने जाने वाला हरिपुर रेलवे स्टेशन पर लम्बी दूरी की ट्रेनों का ठहराव नहीं होना ग्रामीणों को अखर रहा है। उपखण्ड मुख्यालय से तीन किलोमीटर दूर स्थित हरिपुर का ये स्टेशन दिल्ली-अहमदाबाद रेल मार्ग पर बना हुआ है। इस मार्ग पर लम्बी दूरी की दर्जनों ट्रेनें रोजाना सरपट दौड़ती है। ग्रामीण ट्रेनों को निहारते रह जाते हैं। कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश समेत कई राज्यों में यहां के लोग व्यापार करते हैं। प्रवासी राजस्थानियों को टे्रन पकडऩे के लिए ब्यावर और अजमेर का रुख करना पड़ता है। हालत ये है कि क्षेत्रवासिसों की आंखें आज भी टे्रन को तरस रही है।

हर प्रयास बेअसर
कस्बे के विविध संगठनों ने बीते 2 साल में रेल मंत्री, स्थानीय सांसद और जनप्रतिनिधियों तथा रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों को बेहिसाब पत्र लिखकर ठहराव की मांग कर चुके हैं, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा।

यहां महज चार ट्रेनों का ठहराव
इस स्टेशन पर पिछले कई सालों से महज चार ट्रेनों का ठहराव है। जिनमें अहमदाबाद-हरिद्वार, जयपुर-अहमदाबाद, जोधपुर-रतलाम एवं मारवाड़-अजमेर लोकल शामिल है।

फिर उठी ठहराव की मांग
कस्बे के नगर विकास समिति, हिन्दू सेवा मण्डल, युवा संघर्ष समिति सहित विविध संगठनों ने रेल मंत्री को पत्र भेजकर टे्रनों के ठहराव की मांग उठाई है। उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है।

प्रयास कर रहे
मैंने रेल मंत्री को पत्र भेज मांग दोहराई है। उम्मीद है वे इसे गम्भीरता से लेंगे। आम जनता से जुड़ी इस जायज मांग को पूरा कराने में मेरा प्रयास निरन्तर जारी रहेगा। -शोभा चौहान, विधायक सोजत

फिर उठाएंगे मांग
हरिपुर में लम्बी दूरी की ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से प्रवासी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मैंने रेल मंत्री को दो बार पत्र भेजा था। अब फिर मांग उठाएंगे। -पेमाराम सीरवी, जिला प्रमुख पाली

Published on:
12 Mar 2019 07:18 pm