पाली

WatchVideo : नाम सुंदर नगर जिसमें लगे है दाग ही दाग…

एक दशक में बसी कई कॉलोनियां, विकास अभी कोसों दूर

3 min read
Jul 05, 2024
पाली शहर का सुंदर नगर क्षेत्र।

-सुरेश हेमनानी

समय के साथ पाली शहर भी गतिमान है। कुछ क्षेत्रों तक सिमटा शहर अब विकास के पथ पर अग्रसर होते हुए चारों और फैलने लगा है। दूर-दूर तक आबादी क्षेत्र विकसित हो चुके हैं, लेकिन विस्तार के माफिक विकास अभी कोसों दूर है। शहर के बदले स्वरूप को निहारने आज मुसाफिर के रूप में शहर के बांगड़ कॉलेज के पीछे सुंदर नगर क्षेत्र में आबाद कई कॉलोनियों को निहारने निकल पड़े।

यहां बड़े-बड़े मकानों के साथ दुकानें तो नजर आई, लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं दिखा। सड़कें खस्ताहाल है, बड़े-बड़े गड्ढे पड़े है। सीवरेज का हाल तो और भी बुरा है, हौदियां ओवरफ्लो हो रही है। गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। जगह-जगह कचरे के ढेर हैं। ट्रांसफार्मर खुले है, तार बंदी नहीं हो रखी। मकानों के ऊपर से हाइटेंशन लाइन गुजर रही है। बालकनियों को बिजली के तार छुकर निकल रहे हैं। जिससे बारिश में करंट का खतरा रहता है। क्षेत्रवासियों ने कहा कि बारिश के समय सुंदर नगर व उसके आसपास कॉलोनियां जलमग्न हो जाती है। ऐसे में सुंदर नगर पर ये समस्याएं दाग के रूप में नजर आई।

एक दशक में बसी ये नई कॉलोनियां

सुंदर नगर क्षेत्र के आसपास महज एक दशक में कई कॉलोनियां बसी। जिसमें ब्रह्म बिहार, संतोष नगर, महालक्ष्मी नगर, भैरवा नगर, भोले शंकर नगर, रजत नगर, विद्यानगर, बजरंग नगर, कल्याण नगर, संत खेतेश्वर नगर, राजन नगर, चारभुजा नगर, रणछोड़ नगर, महाराज नहर आदि कॉलोनियां शामिल है। जहां विकास अब भी लोगों के लिए सपना ही बना है।

सुंदर नगर क्षेत्र के एक मकान के बाहर ओवरफ्लो होती सीवरेज की हौदी।

सीवरेज का गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है

रजत नगर में सीवरेज की होदियां ओवरफ्लो होती है। जिसका गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है। नालियां टूटी हुई है, जिसका निर्माण नहीं हो रहा है। कई जगह तो नालियां है ही नहीं।

-भानुप्रसाद सांखला, रजत नगर

घरों के बाहर है अतिक्रमण

संतोष नगर में घरों के बाहर अतिक्रमण कर रखा है। लोगों ने गायों के बाड़े बना दिए हैं। कई घरों के बाहर तो 5-5 फीट की चबूतरियां बना दी है। सीवरेज की हौदियां ओवरफ्लो हो रही है। जिसका गंदा पानी सड़क पर भर जाता है।

-शंकरलाल मालवीय लोहार, संतोष नगर

सीवरेज हौदियों से ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैला घरों का गंदा पानी।

सड़क का निर्माण नहीं हो रहा

विद्यानगर में नालियां भरी पड़ी है। सीवरेज की हौदियां ओवरफ्लो है। निजी स्कूल के पास सड़क निर्माण अभी तक नहीं हुआ है। बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हैं। आने-जाने में तकलीफ होती है। शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं हो रहा।

-घीसूलाल राठौड़, विद्यानगर

विकास को तरस रही कॉलाेनियां

बांगड़ कॉलेज के पीछे सुंदर नगर व उसके आसपास पिछले एक दशक में कई कॉलोनियां बसी हैं। लेकिन, विकास के नाम पर कुछ भी नहीं हुआ। यहां की सड़कें खस्ताहाल है। सीवरेज की हौदियां ओवरफ्लो है, गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। कई बार नगर परिषद व जिला कलक्टर को ज्ञापन दिया, लेकिन समाधान नहीं हो रहा।

-खुश्बू सोनी, स्थानीय पार्षद

Published on:
05 Jul 2024 08:44 pm
Also Read
View All

अगली खबर