पाली

यहां अमृत हो रहा बर्बाद, वहां लोग प्यासे

-लीकेज से व्यर्थ बह रहा है हजारों लीटर पानी - बेरा जाखड़ों वाला अरठ पर आज तक नहीं पहुंच पाया पानी -सडक़ के नीचे बिछी पाइप लाइन में लीकेज
2 min read
Oct 24, 2018
pali news
यहां अमृत हो रहा बर्बाद, वहां लोग प्यासे

सादड़ी. परशुराम महादेव सडक़ मार्ग पर वन विभाग कार्यालय के पास नवनिर्मित गौरव पथ के नीचे बिछी पाइप लाइन में लीकेज से प्रतिदिन यहां हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। हालात ये हैं यहां से आगे के क्षेत्रों में पानी अब तक नहीं पहुंच पाया है। इस पाइप लाइन से जुड़े बेरा जाखड़ों वाला अरठ क्षेत्र में लोगों को आज तक पीने का पानी नहीं मिल पाया है। दूसरी ओर लीकेज के कारण हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है लेकिन जिम्मेदार चिंतित नहीं हैं। कस्बे की मुख्य पाइप लाइनों में 4-5 जगह लीकेज ऐसे हैं जिनसे प्रतिदिन सैकड़ों लीटर पानी बह रहा है। परशुराम सडक़ मार्ग पर चांद कॉलोनी में जाने वाली पाइप लाइन नवनिर्मित गौरव पथ के नीचे बिछी हुई है। लोकनिर्माण विभाग ने गौरव पथ निर्माण से पूर्व पाइप लाइन व्यवस्थित कर इसे गहराई में डालने को लेकर विभाग को पत्र लिखा लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। यह पाइप लाइन आगे परशुराम महादेव बगेची रेबारियों झूपा बस्ती व मीणों का अरठ जाखड़ों वाला बेरा तक जाती है। हालंाकि जाखड़ों वाला बेरा निवासी किसान परिवारों को इससे आज तक पेयजलापूर्ति मुहैया नहीं हो पाई है। वहां के निवासी महंगे दाम में टैंकर डलवा रहे हैं। विभागाधिकारियों ने कई बार आश्वासन दिए लेकिन इनके यहां नलों में आज भी हवा ही पहुंच रही है। गौरवपथ निर्माण के बाद बाद परशुराम मेला व रोज यहां से निकलने वाले वाहनों के दबाव के कारण गौरव पथ के नीचे बिछी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे गौरवपथ के भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। बनी हूई हैं। कई बार ग्रामीणों ने विभाधिकारियों को मौखिक में इस ओर ध्यान आकर्षित करवाया लेकिन इसे दूरस्त कराने को लेकर विभाग गम्भीर नजर नहीं आया।
ऐसे लीकेज राणकपुर सडक़ मामाजी थान के सामने से जाटों की डोरण जाने वाली पाइप लाइन में भी हैं। मामाजीथान से आदर्श विद्यालय तक एक दो जगह, बस स्टेण्ड क्षेत्र, आखरिया चौक एवं वन विभाग कार्यालय के पास गौरव पथ के बीचों बीच सडक़ से पानी व्यर्थ बह रहा है। इन्हें दुरुस्त कराने को लेकर विभाग चिन्तित नहीं है। ग्रामीण भी गन्दा व मटमैला पानी पीने को विवश हैं।

मटमैला पानी मिल रहा है

पिछले कई दिनों से गौरवपथ के नीचे बिछी मैन पाइप लाइन में लीकेज से गन्दा व मटमैला पानी ग्रामीण पी रहे हैं। विभाग को बताया लेकिन आजतक सुध नहीं ली।

गोविन्द मीणा, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष, सादड़ी

शीघ्र दुरुस्त करवाएंगे

लीकेज का पता कर गौरव पथ तोडऩे की विभागीय स्वीकृति लेकर शीघ्र दुरुस्त करवाया जाएगा। एक बार आस-पास खुदाई कर प्रयास किया लेकिन पाइप लाइन लीकेज गौरवपथ के नीचे लग रहा है।
पवन कुमारख् कार्यवाहक, एइएन, जलदाय विभाग, सादड़ी

Published on:
24 Oct 2018 06:02 am