बैंक बंद होने से उपभोक्ताओं को उठानी पड़ेगी परेशानी
रीवा. केन्द्र की आर्थिक नीतियों एवंं 20 प्रतिशत वेतन वृद्धि की मांग को लेकर बैंकर्स दो दिन हड़ताल पर रहेंगे। बैंक ट्रेड यूनियन और सरकार के बीच गुरुवार को वार्ता विफल होने के बाद बैंकर्स ने 31 जनवरी और 1 फरवरी को को हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया है। 2 फरवरी को भी रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। तीन दिन के अवकाश उपरांत अब सोमवार को बैंक खुलेगा, ऐसे में लोगों की परेशानी बढऩा तय है।
बैंकों की विलय को लेकर कर रहे हड़ताल
वैवाहिक सीजन प्रांरभ होने के कारण लोग खरीदी के लिए बैंक से रुपए की निकासी ज्यादा कर रहे हंै। ऐसे में दो दिन हड़ताल के कारण मुश्किलें बढ़ जाएगी। महीने के अंत में हड़ताल से 1 तारीख को लोगोंं के खातों में वेतन भी नहीं पहुंचेगा। बताया जा रहा कि बैंक की सभी ट्रेड यूनियनों ने 8 जनवरी को एक दिन की हड़ताल कर सांकेतिक प्रदर्शन किया था, लेकिन सरकार ने मांगों पर गौर नहीं किया। बैंकों की मांगों में मुख्यरूप से 20 प्रतिशत वेतनवृद्धि के साथ बैंकों का कामकाज सप्ताह में सिर्फ पांच दिन करने, एनपीएस को खत्म करने, बेसिक-पे में स्पेशल भत्ते का विलय, रिटायर्ड होने पर मिलने वाले लाभ को आयकर से बाहर रखने की मांग शामिल है।
एटीएम में भी नहीं डालेंगे कैश
बैंक हड़ताल होने के कारण एटीएम में कैश नहीं डाला जाएगा। उपभोक्ताओं को असुविधा न हो हो इसके लिए शहर के सभी एटीएम को फुल कर दिया गया है, जिससे की दो दिन तक लोगों को निकासी के लिए नकद राशि उपलब्ध हो सके।