
पन्ना। चुनाव आयोग के शनिवार दोपहर विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी करने के साथ ही जिलेभर में चुनाव आदर्श आचरण संहिता लागू हो गई। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के चंद मिनट पहले दोपहर में प्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री कुसुम सिंह महदेले ने जिला अस्पताल में करोड़ों की लागत से स्वीकृत कार्यों का शिलान्यास और भूमि पूजन किया।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से कार्यक्रम शाम 4 बजे से तय था, लेकिन दोपहर में अचानक चुनाव आयोग के प्रेस कांफ्रेंस का समय तीन बजे निर्धारित होने के बाद मंत्री ने दोपहर में ही अस्पताल पहुंचकर आनन-फानन में शिलापट्टिकाओं का अनावरण कर शिलान्यास किया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान जिला अस्पताल का 200 से 300 सौ बिस्तरों का उन्नयन करने की घोषणा की थी। जिसे बीते दिनों कैबिनेट की बैठक में स्वीकृति मिलने के साथ ही १७२९.२४ लाख रुपए की राशि की स्वीकृति दी गई थी।
इसके अलावा एएनएम हॉस्टल निर्माण कार्य 240 लाख रुपए की लागत से स्वीकृत था। इसके अलावा जिला अस्पताल में कपड़ों की धुलाई के लिए, लांड्री निर्माण के लिए 43.20 लाख रुपए स्वीकृत था। जिला अस्पताल में विभिन्न कैटेगरी के आवास निर्माण कार्य लागत 208.67 लाख रुपए स्वीकृत था।
उक्त निर्माण कार्यों का अभी तक शिलान्यास और भूमिपूजन शेष था। अस्पताल प्रबंधन को चुनाव आचार संहिता लगने के पूर्व उनका शिलान्यास और भूमि पूजन कराने के लिए कहा गया था। बताया गया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से आचार संहिता लगने की संभावना को देखते हुए शनिवार शाम ४ बजे से उक्त कार्यक्रम तय किया गया था।
गुनौर को नगरीय निकाय का दर्जा मिलने पर मनाया जश्न
गुनौर. स्थानीय लोग बीते कई साल से गुनौर को नगरीय निकाय घोषित करने की मांग कर रहे थे। सीएम शिवराज सिंह पूर्व में भी गुनौर को नगरीय निकाय का दर्जा देने की घोषणा कर चुके थे, लेकिन नगरीय निकाय का दर्जा दिया नहीं गया। आचार संहिता लगने के एक दिन पहले गजट नोटीफिकेशन सोशल मीडिया में वायरल किया गया। इसमें गुनौर को नगरीय निकाय का दर्जा दिए जाने की बात कही गई।
इसमें बताया गया कि गुनौर को नगरीय निकाय का दर्जा दिया गया है। गुनौर ग्राम पंचायत के साथ ही सिली और पड़ेरी को भी जोड़ा गया है।मध्यप्रदेश राजपत्र अधिकार से प्रकाशित नोटिफिकेशन 29 सितंबर नगरीय विकास एवं आवास विभाग मंत्रालय वल्लभ भवन भोपाल के उप सचिव लोकेश कुमार द्वारा ग्राम पंचायत गुनौर सिली एवं पड़ेरी को जोड़कर गुनौर को नगर परिषद घोषित करने की बात कही गई थी।
उक्त नोटीफिकेशन के पब्लिक में आने के बाद से यहां जश्न का माहौल है। इस अवसर पर गाजे-बाजे के साथ रैली भी निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में नगर के लोगों ने हिस्सा लिया।