20 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Panna News: बेटे को बचाने पहुंचा पिता भी नहीं लौटा वापस, गांव में पसरा मातम

Father Son Died in Borewell: बेटे को गिरता देख पिता बिना वक्त गंवाए तुरंत बोर में उतरे लेकिन वो भी वापस नहीं आ सके, पोस्टमार्टम में पता चलेगा मौत का सही कारण।
2 min read
Google source verification
panna borewell accident

borewell accident father son died, इसी बोरवेल में हुई पिता-पुत्र की मौत (Source-Patrika)

Panna Father Son Died in Borewell: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुरा में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। निजी बोर से मोटर निकालने के दौरान 26 वर्षीय युवक करीब 15 फीट गहरे बोर में गिर गया। बेटे को बचाने के लिए 60 वर्षीय पिता भी जान की परवाह किए बिना बोर में उतर गए, लेकिन दोनों अंदर ही फंस गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक तौर पर बोर के अंदर ऑक्सीजन की कमी से दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

पिता-पुत्र की मौत

नारायणपुरा निवासी अटलराम पिता उजागर (26) गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे अपने पिता उजागर पिता बारे लाल (60) के साथ निजी बोर से मोटर निकाल रहे थे। इसी दौरान मोटर निकालते समय अचानक अटलराम करीब 15 फीट गहरे बोर में जा गिरा। बेटे को बोर में गिरा देखकर पिता उजागर उसे बचाने के लिए तत्काल बोर के अंदर उतर गए। बताया जा रहा है कि बोर के अंदर पहुंचने के बाद दोनों बाहर नहीं निकल सके और वहीं फंस गए। कुछ ही देर में ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकालने के लिए प्रयास शुरू किए। बोर की गहराई और अंदर की स्थिति के कारण बचाव कार्य आसान नहीं था। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

बेटे को बचाने पिता ने लगा दी जान की बाजी

इस हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि बेटे को बोर में गिरता देखकर पिता ने एक पल भी नहीं सोचा और उसे बचाने के लिए स्वयं गहरे बोर में उतर गए। पिता का यह प्रयास आखिरकार दोनों की जिंदगी पर भारी पड़ गया। एक साथ पिता-पुत्र की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ऑक्सीजन की कमी बनी मौत की वजह?

प्रारंभिक जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि बोर के भीतर पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं होने के कारण दोनों का दम घुट गया। हालांकि यह अभी जांच का विषय है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे के बाद ग्रामीणों ने गहरे बोर में मोटर निकालने जैसे कार्यों के दौरान सुरक्षा उपायों की अनदेखी को लेकर चिंता जताई है।