
(पटना): राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को पेरोल मिलने के बाद उनके आवास पर मिलने वाले शुभचिंतकों का तांता लग गया। इसी क्रम में योग गुरू बाबा रामदेव ने राबड़ी देवी के सरकारी आवास जाकर उनसे मुलाकात की और योग करने की सलाह दी। बाबा रामदेव ने लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप को शादी की बधाइयां भी दी।
तेजप्रताप को दी शादी की बधाई
लालू को पेरोल मिलने पर उनके सभी करिबियों में खुशी लहर दौड़ गई। शुक्रवार को राबड़ी देवी के सरकारी आवास के बाहर लालू से मिलने वालों की भीड़ जमा थी। लालू ने सभी लोगों से मुलाकात की। इसी बीच बिहार प्रवास पर आए योगगुरु बाबा रामदेव भी पेरोल पर पटना आए लालू यादव से मिलने राबड़ी देवी के सरकारी आवास 5 सर्कुलर रोड पहुंचे और आधे घंटे तक बातचीत की। उन्होंने तेजप्रताप यादव को शादी की बधाई भी दी।
लालू को दी यह सलाह
योग गुरू सभी को रोगमुक्त होने के लिए योग करने की सलाह देते है और योग को चिकित्सकिय पद्धति के तौर पर विदेशों में भी अपनाया गया है। रामदेव ने लालू को भी योग करने की हिदायत दी। पत्रकारों से बाबा रामदेव ने कहा कि मैंने लालू जी को योग करने की सलाह दी है। इसके लिए एक प्रशिक्षक भी भेजने को तैयार हूं। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह अनुलोम विलोम करें, इससे फायदा होगा। बाबा रामदेव ने लालू यादव को झारखंड हाईकोर्ट से इलाज के लिए छह सप्ताह की जमानत मिलने पर प्रसन्नता जताई।
लालू परिवार से है रामदेव के बेहतर संबंध
बता दें कि बाबा रामदेव अभी बिहार प्रवास पर हैं। उन्होंने तीन दिनों तक बिहार शरिफ के स्टेडियम में नि:शुल्क योग शिविर लगाकर लोगों को स्वस्थ रहने के लिए योग करने की सलाह दी। मालुम हो कि पतंजलि उत्पादों का सीएनएफ लालू परिवार के पास ही है। दोनों के बीच बेहतर संबंध हैं।