पटना

Bankipur By Election: 30 जुलाई को वोटिंग, नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई है सीट; तेज प्रताप की पार्टी और प्रशांत किशोर भी रेस में

Bankipur By Election 2026: पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान कर दिया गया है। इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना होगी। भाजपा नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई थी।
2 min read
Jul 02, 2026
BJP National President Nitin Nabin (2)
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन। फोटो: एक्स हैंडल @NitinNabin

Bankipur By Election: चुनाव आयोग ने पटना की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इस सीट के लिए वोटिंग 30 जुलाई को होगी और चुनाव परिणाम 3 अगस्त को आएगा। बीजेपी नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हो गई थी, जिसके बाद से यहां सियासी हलचल बढ़ी हुई थी और अब नए विधायक के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।

चुनाव का शेड्यूल

  • 06 जुलाई: बांकीपुर उपचुनाव के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा, नॉमिनेशन फाइल करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
  • 13 जुलाई: नॉमिनेशन पेपर फाइल करने की आखिरी तारीख।
  • 14 जुलाई: चुनाव अधिकारी फाइल किए गए सभी नॉमिनेशन पेपर की जांच करेंगे।
  • 16 जुलाई: नॉमिनेशन वापस लेने की आखिरी तारीख।
  • 30 जुलाई: बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के वोटर मतदान करेंगे।
  • 03 अगस्त: वोटों की गिनती होगी और उसी दिन चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

बीजेपी और नितिन नवीन का अभेद्य किला बांकीपुर

पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट को बीजेपी और खासकर नितिन नवीन के परिवार का अभेद्य गढ़ माना जाता है। इस सीट पर साल 1995 से ही नितिन नवीन के पिता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा का कब्जा रहा था। पिता के निधन के बाद 2006 में हुए उपचुनाव से लेकर अब तक नितिन नवीन ने यहां लगातार पांच बार जीत हासिल की है। 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 50,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था। मार्च 2026 में नितिन नवीन राज्यसभा सांसद चुने गए, जिसके कारण उन्हें इस विधानसभा सीट से इस्तीफा देना पड़ा।

तेज प्रताप यादव की पार्टी भी मैदान में

बिहार में जनशक्ति जनता दल (JJD) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने जानी-मानी सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी को बांकीपुर विधानसभा सीट से अपनी पार्टी का संभावित उम्मीदवार घोषित किया है। तेज प्रताप यादव ने अपनी प्रत्याशी पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा है कि वीणा मानवी लंबे समय से बांकीपुर के स्थानीय लोगों और विस्थापितों की समस्याओं के लिए जमीन पर काम कर रही हैं।

जन सुराज भी मैदान में; क्या प्रशांत किशोर अपनी किस्मत आजमाएंगे?

2025 के विधानसभा चुनाव में उम्मीद के मुताबिक सफलता न मिलने के बाद संगठन को फिर से खड़ा करने पर ध्यान दे रहे जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने पहले ही इस सीट पर भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। किशोर ने दावा किया था कि बांकीपुर में बीजेपी को सिर्फ जन सुराज ही हरा सकता है। ऐसी अटकलें हैं कि प्रशांत किशोर खुद इस उपचुनाव में अपनी किस्मत आजमा सकते हैं, हालांकि इस बात की आढ़कारिक पुष्टि नहीं हुई है कि बांकीपुर से जन सुराज का उम्मीदवार कौन होगा।

Updated on:
02 Jul 2026 02:14 pm
Published on:
02 Jul 2026 02:02 pm