पटना

बांकीपुर में वोटिंग के बीच BJP-जन सुराज में सियासी संग्राम, कई बूथों पर दिनभर होती रही भिड़ंत

बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के मतदान के दौरान गुरुवार को सियासी माहौल कई बार गरमा गया। अलग-अलग मतदान केंद्रों पर बीजेपी और जन सुराज के कार्यकर्ताओं व समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक, हंगामा और धक्का-मुक्की की घटनाएं सामने आईं। दोनों दलों ने एक-दूसरे पर मतदान प्रभावित करने और फर्जी वोटिंग कराने के आरोप लगाए
2 min read
Jul 30, 2026
bjp jan suraj workers clash
सांकेतिक तस्वीर (फोटो-AI)

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर गुरुवार को हुए उपचुनाव के मतदान के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी (JSP) के कार्यकर्ताओं के बीच कई जगहों पर विवाद और हंगामा देखने को मिला। पूरे दिन दोनों दलों के समर्थक अलग-अलग मतदान केंद्रों पर आमने-सामने आते रहे। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) दूरी बनाए रही और विवाद मुख्य रूप से बीजेपी तथा जन सुराज के बीच ही सीमित रहा।

भाजपा कार्यकर्ता लगातार जन सुराज पर फर्जी मतदान कराने की कोशिश का आरोप लगाते रहे, जबकि कई मतदाताओं और जन सुराज समर्थकों ने भाजपा पर वोट डालने में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया। इससे एक दिन पहले बुधवार रात को भी जन सुराज के संस्थापक एवं उम्मीदवार प्रशांत किशोर की जक्कनपुर थाना प्रभारी से तीखी बहस हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

कई बूथों पर हुआ हंगामा

पटना शहर की सबसे हाई-प्रोफाइल मानी जाने वाली बांकीपुर सीट पर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक कई बार दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आए। संयोग से अधिकांश जगहों पर पुलिस पहले से मौजूद थी और हर बार पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।

सुबह सबसे पहले मीठापुर और किदवईपुरी में बीजेपी और जन सुराज के समर्थकों के बीच विवाद हुआ। पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद सलीमपुर आहरा के दो बूथों पर भी जन सुराज कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया, जिसे पुलिस ने शांत कराया। शाम के समय एएन कॉलेज मतदान केंद्र पर दोनों पक्षों के समर्थक एक बार फिर भिड़ गए। हंगामे की सूचना मिलने पर जन सुराज प्रत्याशी प्रशांत किशोर भी मौके पर पहुंचे।

क्यों हुआ विवाद?

विवाद की मुख्य वजह मतदान को लेकर लगाए गए आरोप-प्रत्यारोप रहे। सबसे पहले मीठापुर स्थित दयानंद हाई स्कूल के पास जन सुराज कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक मतदाताओं को वोट डालने से रोक रहे हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

कुछ देर बाद किदवईपुरी के बूथ संख्या 101 पर भी दोनों दलों के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। कुछ मतदाताओं का आरोप था कि भाजपा के पोलिंग एजेंट उनके मतदान पर आपत्ति जता रहे हैं। इस आरोप के बाद जन सुराज समर्थकों ने हंगामा किया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई और मतदान दोबारा शुरू कराया गया।

इसके बाद सलीमपुर आहरा के बूथ संख्या 38 और 40 पर भी जन सुराज कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। शाम करीब चार बजे एएन कॉलेज मतदान केंद्र पर फिर विवाद हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जन सुराज के समर्थक बूथ के भीतर मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्षों में बहस और धक्का-मुक्की भी हुई। सूचना मिलने पर प्रशांत किशोर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पुलिस स्थिति को नियंत्रित कर चुकी थी।

मतदान से पहले जक्कनपुर थाने में भी हुआ था विवाद

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान शुरू होने से कुछ घंटे पहले बुधवार रात को जन सुराज पार्टी के संस्थापक एवं उम्मीदवार प्रशांत किशोर अपने समर्थकों के साथ जक्कनपुर थाना पहुंचे थे। उनका आरोप था कि उनकी पार्टी के दो कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिया और बाद में उन्हें किसी अन्य स्थान पर भेज दिया।

प्रशांत किशोर ने इस संबंध में थाना प्रभारी ऋतुराज कुमार सिंह से जवाब मांगा। हालांकि, थाना प्रभारी ने हिरासत में लेने के आरोप से इनकार किया। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक दिखाई दे रही है।

Updated on:
30 Jul 2026 11:46 pm
Published on:
30 Jul 2026 11:42 pm