पटना

Bihar Election Results 2025: पटना में जीत के बाद JDU ने पोस्टर में ‘संजय’ पर कसा तंज, लालू को बताया धृतराष्ट्र

Bihar Election Results 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद राजनीति में धृतराष्ट्र और संजय की एंट्री हुई है। जदयू की ओर लगाए गए इस पोस्टर की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है
2 min read
Nov 15, 2025
Feature image
जदयू ने जीत के बाद लगाया पोस्टर, लालू को बताय धृतराष्ट्र। फोटो -पत्रिका

Bihar Election Results 2025 बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद बिहार की राजनीति में धृतराष्ट्र की एंट्री हुई है। इसको लेकर राजनीतिक तापमान भी बढ़ गया है। दरअसल, जदयू ने बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद एक पोस्टर लगाया गया है। पोस्टर में आरजेडी प्रमुख लालू यादव को धृतराष्ट्र, राबड़ी देवी को गांधारी और तेजस्वी यादव को दुर्योधन के तौर पर दिखाया गया है। जबकि इस पोस्टर में पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय यादव को संजय के रूप में दिखाया गया है। जदयू की ओर से लगाया गया यह पोस्टर बड़ी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है। पोस्टर में धृतराष्ट्र को बोलते दिखाया गया है कि संजय तुमको क्या दिख रहा है, इसके जवाब में संजय यादव कह रहे हैं कि महाराज, हमको तो हरियाणा वाला मॉल दिख रहा है।

मांझी ने भी कसा तंज

इससे पहले बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद केंद्रीय जीतन राम मांझी ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को धृतराष्ट्र बताते हुए कहा कि उनकी पार्टी (आरजेडी) में परिवारवाद हावी है, वे अपने बेटे को युवराज बनाना चाहते हैं। मांझी ने लालू प्रसाद को सलाह देते हुए कहा कि पार्टी अगर वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी को सीएम पद का चेहरा घोषित करती तो शायद आज परिणाम कुछ और होते। आरजेडी की करारी हार के बाद लालू प्रसाद के बड़े बेटा तेजप्रताप यादव ने भी संजय यादव को जयचंद बताते हुए उनपर करारा प्रहार किया है। उनकी पार्टी की ओर से किए पोस्ट में भी जयचंद का जिक्र है। पोस्ट में लिखा गया- जयचंदों ने RJD को खोखला किया।

कांग्रेस ने भी संजय पर खड़े कए सवाल

कांग्रेस नेता अखिलेश सिंह ने भी विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद आरजेडी नेता और राज्य सभा सदस्य संजय यादव पर तंज कसते हुए कहा कि इसका जवाब तो संजय यादव और कांग्रेस प्रभारी को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये लोग ही सब कुछ देख रहे थे तो जवाब भी इनको ही देना चाहिए।

कौन हैं संजय यादव

चुनाव परिणाम सामने आने के बाद राज्य सभा सदस्य संजय यादव सभी के निशाने पर हैं। संजय यादव नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के खास माने जाते हैं। राजनीतिक गलियारे में कहा जाता है कि तेजस्वी यादव कोई भी बड़ा फैसला संजय यादव से बिना पूछे नहीं लेते हैं। संजय यादव को तेजस्वी का सारथी भी कहा जाता है।

Updated on:
15 Nov 2025 12:09 pm
Published on:
15 Nov 2025 12:09 pm