पटना

जेडीयू नेता विजय चौधरी बोले: बिहार की सियासत में अब सस्पेंस खत्म, बीजेपी करेगी अगली सरकार का नेतृत्व

बिहार में मुख्यमंत्री को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही चर्चाओं के बीच, जेडीयू नेता और मंत्री विजय कुमार चौधरी ने आज स्पष्ट कर दिया कि अगली सरकार का नेतृत्व बीजेपी करेगी।

2 min read
Apr 09, 2026
जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, फोटो- सोशल मीडिया

बिहार में मुख्यमंत्री को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहे सस्पेंस पर गुरुवार को जेडीयू ने विराम लगा दिया। पार्टी ने स्पष्ट कहा कि अगली सरकार का नेतृत्व बीजेपी करेगी। जेडीयू नेता और मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बिहार की सियासत की तस्वीर साफ करते हुए बताया कि राज्य में बीजेपी बड़ी पार्टी है और इसलिए नेतृत्व उसी को करना है। पहली बार किसी बड़े नेता ने इतनी स्पष्टता से इस मुद्दे पर अपनी बात रखा है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री को लेकर जो सस्पेंस और ‘खेला’ की चर्चा चल रही थी, उस पर लगभग पूर्ण विराम लग गया है। विजय चौधरी के बयान के बाद यह तय माना जा रहा है कि बिहार में बीजेपी के नेतृत्व में नई सरकार बनेगी। उनका यह बयान राज्यसभा जाने के फैसले के बाद आया, जब नीतीश कुमार के अगले कदम को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही थीं।

बिहार में अगली सरकार बीजेपी के नेतृत्व में बनेगी

संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि “बिहार में भाजपा बड़ी पार्टी है और नेतृत्व उन्हें ही करना है। हम एनडीए के साथ हैं।” उन्होंने आगे बताया कि नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद कैबिनेट स्वतः भंग हो जाएगी, लेकिन उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि नीतीश कुमार कब इस्तीफा देंगे और नई सरकार कब बनेगी।

नई सरकार की शपथ के बारे में चौधरी ने कहा कि यह शुभ मुहूर्त और अच्छा दिन देखकर तय किया जाएगा। चर्चा है कि 14 अप्रैल या उसके बाद किसी उपयुक्त दिन बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए की नई सरकार का गठन हो सकता है। यह दो दशक से बिहार में गठबंधन में रहने के बाद पहली बार होगा जब बीजेपी का कोई नेता मुख्यमंत्री बनेगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़े सवाल पर विजय चौधरी ने कहा कि आज (9 अप्रैल) वे दिल्ली जा रहे हैं और 10 अप्रैल को राज्य सभा सदस्य की शपथ लेंगे। चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार का दिल्ली जाना बिहार को सही नहीं लगा, लेकिन यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है और इसके प्रति जेडीयू को बाध्य होना पड़ा।

शपथ के बाद नीतीश किसी भी दिन दे सकते हैं इस्तीफा

विजय चौधरी ने पत्रकारों से कहा कि इस्तीफा देने से पहले कैबिनेट बैठक अनिवार्य नहीं है। उनके इस बयान से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि सांसद की शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार किसी भी दिन इस्तीफा दे सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, एनडीए विधायक दल की बैठक के बाद ही नीतीश कुमार अपने पद से इस्तीफा देंगे।

Updated on:
09 Apr 2026 12:49 pm
Published on:
09 Apr 2026 12:23 pm
Also Read
View All