
(पटना): बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग एक बार फिर से बुलंद हो गई है। इस सिलसिले में जनअधिकार पार्टी की ओर से शनिवार को बिहार बंद का आह्वान किया गया। राज्य के विभिन्न हिस्सों में बंद का व्यापक असर दिखाई दिया। बंद का नेतृत्व कर रहे जनअधिकार पार्टी के सुप्रीमो पप्पु यादव का कहना है कि वह बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाकर ही रहेंगे भले ही इसके लिए जंग ही क्यों न लड़नी पड़े।
कुछ यूं रहा प्रदर्शन का असर
विभिन्न पार्टियों ने समय-समय पर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग उठाई है। पर अभी तक केंद्र ने इस दिशा में कोई कदम नहीं बढाया है। जनअधिकार पार्टी ने इस मांग को दोहराते हुए शनिवार को बिहार बंद बुलाया। इस बंद का असर राज्य के विभिन्न हिस्सों में देखने को मिला। कई इलाकों से यह भी सुनने को मिला की बंद समर्थकों ने जबरन बंद करवाने के दौरान वाहनों को अपना निशाना बनाया और तोड़फोड़ की। बंद के दौरान विभिन्न सडकों पर वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दी। आगजनी की घटनाएं भी सामने आई। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर नीतीश कुमार व पीएम विरोधी नारे लगाए। कई इलाकों से पार्टी कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प की खबरें भी सुनाई दी। बंद के दौरान किसी भी तरह के उत्पात को काबू में करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सजग है। राज्य के सभी इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
एक और आंदोलन की घोषणा
जनअधिकार पार्टी (जाप) के अध्यक्ष और मधेपुरा से सांसद पप्पू यादव भी इस बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतर आए। इस दौरान वह "लड के लेंगे विशेष राज्य" सरीखे नारें लगाते नजर आए। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ सडक पर उतरे पप्पु यादव ने इस प्रदर्शन के साथ एक और प्रदर्शन की घोषणा कर दी है। मीडिया से बात करते समय पप्पु यादव ने कहा कि वह बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाकर ही रहेंगे। अगर यह नहीं हुआ तो वह लोकसभा का आगामी सत्र नहीं चलने देंगे। उन्होंने ने यह भी कहा कि दिसंबर माह में वह पांच लोगों के साथ पटना के गांधी मैदान में सरकार की पोल खोलने वाले है।