Bihar Assembly Elections 2025 कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के सामने बिहार विधानसभा 2025 के चुनाव में कुटुंबा विधानसभा में हैट्रिक लगाने की चुनौती है। वहीं एनडीए के सामने इस हाई प्रोफाइल पर एक बार फिर से कब्जा करने की चुनौती है।
Bihar Assembly Elections 2025 बिहार का ‘अनजान’ विधानसभा इन दिनों राजनीति में खास बन गया है। कुटुंबा का किला फतह करने वाले राजेश राम इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। राजेश राम पिछले दो विधानसभा चुनावों से इस सीट पर जीत रहे हैं। लेकिन, 2025 के विधानसभा चुनाव में राजेश राम के सामने दोहरी चुनौती है। एक तरफ जहां उन पर पूरे प्रदेश में अपनी पार्टी के प्रदर्शन को सुधारने की जिम्मेवारी है वहीं दूसरी तरफ कुटुंबा में हैट्रिक लगाने की चुनौती है। जबकि एनडीए की इस सीट पर नजर है। एनडीए इस सीट पर जीत दर्ज कर बिहार में एक बड़ा संदेश देना चाहता है।
औरंगाबाद जिले का कुटुंबा विधानसभा सीट कल तक राजनीतिक चर्चाओं में ‘अनजान’ था। लेकिन राजेश राम के कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह सीट खास हो गया है। इस सीट पर अब एनडीए की भी नजर है। दरअसल, कुटुंबा सीट वर्ष 2008-09 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई। इससे पहले यह सीट 1977 से देव विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा हुआ करता था। 2010 में यहां हुए पहले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार हुई। कांग्रेस प्रत्याशी तीसरे नंबर रहे।
जदयू के ललन राम ने आरजेडी के सुरेश पासवान को हराकर यह जीत अपने नाम कर लिया था। लेकिन, 2015 के विधानसभा चुनाव में यह सीट महागठबंधन के कोटे में आया। कांग्रेस ने एक बार फिर इस सीट पर राजेश राम को ही अपना प्रत्याशी बनाया। महागठबंधन के प्रत्याशी के रूप में 2015 में राजेश राम ने पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बेटे डॉ संतोष सुमन को इस सीट पर पराजीत कर पहली जीत दर्ज किया था। राजेश राम ने 10 हजार वोटों से डॉ संतोष सुमन को पराजित किया था। इसके बाद राजेश राम ने वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में ये सीट अपने नाम कर लिया।
कुटुंबा जब देव विधानसभा का हिस्सा था, तब इस सीट पर राजेश राम के पिता दिलकेश्वर राम का कब्जा हुआ करता था। दिलकेश्वर राम देव विधानसभा से वर्ष 1980 और 1985 में जीत हासिल किया था। उस दौरान प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। कांग्रेस सरकार में वे स्वास्थ्य मंत्री थे। दिलकेश्वर राम अपने समय में बिहार कांग्रेस के बड़े नेता हुआ करते थे। इसके साथ ही वे कांग्रेस में एक बड़ा दलित चेहरा भी हुआ करते थे। उनके बाद राजेश राम इस सीट पर जीत का सिलसिला जारी रखे हुए हैं। लेकिन, 2025 के विधानसभा चुनाव में उनके सामने अपनी सीट को बचाने की एक बड़ी चुनौती है।
कुटुंबा में कुल मतदाताओं की संख्या 2,87,310 है। इनमें पुरुष वोटर 151,111 और महिला 1,36,196 हैं। 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या 3761 है। कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र (सु.) विधानसभा है। इसमें तीन प्रखंडों की 34 पंचायतें शामिल हैं। इनमें कुटुंबा प्रखंड की 20, नवीनगर प्रखंड की 10 और देव प्रखंड की 4 पंचायतें हैं।