
Bihar Weather: बिहार में मौसम ने करवट ले ली है। राज्य में सर्दी अपना असर दिखाने लगी है और रात व सुबह के तापमान में तेज़ गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार को गयाजी में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं मोतिहारी में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में अधिकतम तापमान 28 डिग्री के करीब और रात का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 48 घंटे में बिहार के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। इसका मतलब है कि जिन जिलों में रात का तापमान इन दिनों 15 से 17 डिग्री के बीच है, वह घटकर 12 से 14 डिग्री तक पहुंच सकता है। अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है और यह 26 से 30 डिग्री के बीच ही बना रहेगा।
उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में हुई हाल की बर्फबारी का सीधा असर बिहार में देखा जा रहा है। उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आ रही तेज़ हवाओं की वजह से सुबह और रात में ज्यादा ठंड महसूस हो रही है। दिन के समय धूप निकलने के बाद भी गर्माहट कम महसूस हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में बिहार में शुष्क और ठंडी हवाएं जारी रहेंगी, जिससे रात में सर्दी और बढ़ेगी। सुबह के समय कोहरा छा सकता है, विजीविलिटी 800-1200 मीटर तक प्रभावित हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि अभी बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम शुष्क रहेगा लेकिन कोहरे का असर बढ़ेगा। नवंबर के अंत तक पारा 10 डिग्री तक आने की संभावना है।
| शहर | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
|---|---|---|
| पटना | 28.4 | 18.0 |
| गयाजी | 28.3 | 13.5 |
| भागलपुर | 28.4 | 15.8 |
| पूर्णिया | 30.8 | 16.7 |
| मोतिहारी | 31.6 | 16.0 |