पटना

‘कांग्रेस ने बिहारियों का किया अपमान, अब कर रही नौटंकी!’ पटना में CWC मीटिंग पर भाजपा का वार

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर बिहारियों का अपमान करने और अब नौटंकी करने का आरोप लगाया है। संजय सरावगी और उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कांग्रेस और महागठबंधन पर तीखे शब्दों में निशाना साधा।
2 min read
Sep 24, 2025
vijau sinha and sanjay saraogi
vijau sinha and sanjay saraogi

कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की पटना में हुई बैठक को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और महागठबंधन पर तीखा हमला बोला है। बिहार सरकार में मंत्री और भाजपा नेता संजय सरावगी ने फेसबुक पोस्ट कर कांग्रेस नेताओं पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी बिहारियों का अपमान किया, वही आज कांग्रेस के बहाने बिहार का हितैषी बनने का नाटक कर रहे हैं।

संजय सरावगी का हमला – DNA खराब बताने वाले अब हितैषी?

संजय सरावगी ने लिखा, “कांग्रेस MLA शिल्पी तिर्की ने बिहारियों को घुसपैठिया कहा, चन्नी ने पंजाब से भगाया, रेवंत रेड्डी ने DNA खराब बताया। इनकी सोच इतनी संकीर्ण और बेशर्मी इतनी बड़ी है कि CWC के बहाने बिहार चले आए। सबसे बड़ी बात तो यह है कि खुद को बिहार का हितैषी बताने वाला लालू का लाल तेजस्वी भी इन्हें गले लगाते हैं। बिहार सब याद रखेगा।”

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का कांग्रेस पर तंज

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने भी पटना के सदाकत आश्रम में चल रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “राजद के साथ सत्ता में रहकर कांग्रेस ने बिहार को बदनाम करने का काम किया। अब सदाकत आश्रम में बैठक रखकर बिहार के सम्मान और सानिध्य की नौटंकी कर रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस अपने गठबंधन के नेताओं पर प्रेशर पॉलिटिक्स करने में जुट गई है और बिहार का इस्तेमाल महज एक मंच की तरह किया जा रहा है।

महागठबंधन पर भी सवाल

भाजपा नेताओं का कहना है कि तेजस्वी यादव कांग्रेस नेताओं का स्वागत कर बिहार की जनता का अपमान कर रहे हैं। उनका आरोप है कि कांग्रेस ने कभी बिहारियों के आत्मसम्मान की रक्षा नहीं की और अब चुनावी मौसम में बिहार का नाम इस्तेमाल कर रही है। पटना में हो रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक ने बिहार की राजनीति में गरमी बढ़ा दी है। एक तरफ कांग्रेस महागठबंधन के साथ मिलकर शक्ति प्रदर्शन कर रही है, वहीं भाजपा इसे “बिहार का अपमान” बताकर जनता के बीच मुद्दा बनाने की कोशिश में जुटी है।

Published on:
24 Sept 2025 02:24 pm