पटना

’26 सेकंड में खत्म हो गया NDA का मेनिफेस्टो, मुंह दिखाकर भागे BJP नेता’, गहलोत का PM मोदी और नीतीश पर हमला

Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए ने शुक्रवार को अपना मेनीफेस्टो जारी किया। जिसके बाद कांग्रेस नेता लगातार एनडीए पर हमलावर हैं, खास कर प्रेस कांफ्रेंस की अवधि को लेकर। पढ़िए क्या बोले अशोक गहलोत और अखिलेश सिंह। 
2 min read
Oct 31, 2025
bihar news
प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस नेता अशोक गहलोत, अखिलेश सिंह व अन्य (फ़ोटो-पत्रिका)

Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एनडीए द्वारा 'संकल्प पत्र' जारी किए जाने के कुछ ही घंटों बाद, कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की अवधि और विश्वसनीयता पर बड़ा हमला बोला है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने जहां घोषणापत्र को झूठ का पुलिंदा बताया, वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने नीतीश कुमार को कठपुतली कहने से भी गुरेज नहीं किया।

26 सेकंड में PC खत्म - अशोक गहलोत

अशोक गहलोत ने एनडीए की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के समय पर सवाल उठाते हुए तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा, "26 सेकंड में यह मेनिफेस्टो का प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म हो गया। कुछ पत्रकारों ने कहा कि यह मेरे जीवन की सबसे छोटी प्रेस कॉन्फ्रेंस है।" गहलोत ने आरोप लगाया कि एनडीए नेता बिना सवाल सुने भाग खड़े हुए क्योंकि वे जवाब देने से डर रहे थे।

गहलोत ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछते हुए कहा, "आपने जो वादा किया था 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपये का विशेष पैकेज बिहार को दूंगा, उसका क्या हुआ है? आप पेपर लीक पर क्यों नहीं बोलते हैं?" उन्होंने एनडीए के घोषणापत्र को झूठ का पुलिंदा करार दिया और कहा कि कांग्रेस इस संकल्प पत्र की हकीकत बिहार की जनता को बताएगी।

नीतीश कुमार कठपुतली- सांसद अखिलेश सिंह

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह ने एनडीए के नेताओं पर नीतीश कुमार के अपमान का आरोप लगाया। अखिलेश सिंह ने कहा, "मैं घर में देख रहा था, 7 सेकंड का यह फोटो शूट हुआ घोषणापत्र का। इसका मतलब है कि नीतीश कुमार को कठपुतली बनाकर सरकार चलाई जा रही है। प्रधानमंत्री और अमित शाह सरकार चला रहे हैं, जो भी नीति निर्धारित किया जा रहा है, वह दोनों नेताओं के द्वारा किया जा रहा है।"

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के साथ जो व्यवहार किया गया, वह बिहारी का अपमान है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा नीतीश कुमार का चेहरा आगे करके उनके वोट बैंक का इस्तेमाल कर रही है और जल्द ही भाजपा नीतीश कुमार को पीछे कर देगी और यही चीज एनडीए के अन्य घटक दलों के साथ भी होगा।

कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल

मोकामा में जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या पर अखिलेश सिंह ने बिहार सरकार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार के शासनकाल में 53,000 हत्याएं हुई हैं, मोकामा में भी हत्या हो गई। बिहार भगवान भरोसे चल रहा है।" कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि इंडिया गठबंधन का जो घोषणापत्र है, उसमें किए गए सभी वादे सत्ता में आने पर कैबिनेट में ले जाए जाएंगे और उन्हें पूरा किया जाएगा।

Updated on:
31 Oct 2025 02:54 pm
Published on:
31 Oct 2025 02:48 pm