पटना

Crime News: सुबह-सुबह पटना में खूनी हमला, पति की मौत; पत्नी गंभीर रूप से जख्मी

पटना के लालबाग इलाके में शनिवार सुबह एक अपराधी ने घर में घुसकर पति-पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में मोहम्मद नवाज आलम की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी नाजिया परवीन गंभीर रूप से घायल हैं और PMCH में भर्ती हैं।

2 min read
May 02, 2026
Feature image
अशोक राजपथ पर घटनास्थल का निरीक्षण करती पटना पुलिस। फोटो -पत्रिका

Crime News पटना में शनिवार सुबह अपराधियों ने घर में घुसकर पति-पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी नाजिया परवीन गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें आसपास के लोगों ने इलाज के लिए PMCH में भर्ती कराया है।

घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि नाजिया परवीन अपने परिवार के साथ सो रही थीं। उनके पास ही उनके पति भी सोए हुए थे। नाजिया की आंख खुली तो उन्होंने देखा कि एक युवक चाकू लेकर उनके पति के सीने पर बैठा था और उनका गला काट चुका था। जब वह बचाने गईं तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया।

यह घटना पटना के अशोक राजपथ स्थित लालबाग इलाके की है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय मोहम्मद नवाज आलम के रूप में हुई है। नवाज लालबाग में सरफराज आलम के मकान में किराए पर रहते थे और पटना के एक मॉल में सेल्समैन के रूप में काम करते थे।

चीख सुन पहुंचे लोग, खून से लथपथ मिला दंपती

आसपास के लोगों का कहना है कि नवाज के घर से चीखने की आवाज सुनकर वे मौके पर पहुंचे। फ्लैट का दरवाजा खुला था और बाहर खून फैला हुआ था। अंदर नवाज की लाश पड़ी थी, जबकि उनकी पत्नी नाजिया परवीन खून से लथपथ हालत में मिलीं। इसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नाजिया को आनन-फानन में PMCH ले जाया गया।

पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में मदद के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पटना पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया है कि हमलावर की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। टाउन DSP-1 राजेश रंजन ने कहा कि अपराधी की पहचान हो गई है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही पता चल पायेगा कि घटना के पीछे क्या कारण है? महिला का अभी PMCH में इलाज चल रहा है।

Updated on:
02 May 2026 12:35 pm
Published on:
02 May 2026 11:56 am