पटना

EO Vimal Kumar Case: पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला विमल की मौत का राज, सिर से लेकर लिवर तक गंभीर चोटें

EO Vimal Kumar Case: डेहरी के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार हत्याकांड की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक उनकी हत्या गोली या धारदार हथियार से नहीं, बल्कि किसी भारी और कुंद वस्तु से बेरहमी से पीटकर की गई थी। रिपोर्ट में शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है।
2 min read
Aug 05, 2026
vimal kumar
डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार

EO Vimal Kumar Case: डेहरी के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार हत्याकांड में बुधवार को बड़ा खुलासा हुआ। मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट सिविल सर्जन को सौंप दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, विमल कुमार की हत्या गोली या धारदार हथियार से नहीं, बल्कि किसी भारी और कुंद वस्तु से बेरहमी से पीटकर की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर, गर्दन, सीना, पसलियां, फेफड़े और लिवर समेत शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों पर गंभीर चोटों का उल्लेख किया गया है। इससे स्पष्ट होता है कि उनकी हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई।

सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने बताया कि विमल कुमार की मौत मल्टीपल हार्ड एंड ब्लंट इंजरी (भारी और कुंद वस्तु से लगी कई गंभीर चोटों) के कारण हुई। रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि शरीर पर न तो किसी धारदार हथियार के इस्तेमाल के निशान मिले हैं और न ही गोली लगने के कोई साक्ष्य पाए गए।

गर्दन टूटी, लिवर फटा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, विमल कुमार के सिर पर किसी भारी और कुंद वस्तु से जोरदार प्रहार किया गया था, जिससे उनके सिर में गंभीर आंतरिक रक्तस्राव हुआ। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि उनकी गर्दन की दोनों प्रमुख हड्डियां टूट गई थीं, जिससे दम घुटने की स्थिति बनी। इसके अलावा, सीने के दोनों ओर की कई पसलियां भी बुरी तरह टूट गई थीं। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनका लिवर फट गया। भारी वस्तु से किए गए लगातार वार के कारण फेफड़ों और गले को भी गंभीर नुकसान पहुंचा।

ड्राइवर की पत्नी बोली- पति बेगुनाह

सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर कहीं भी चाकू, तलवार या किसी अन्य धारदार हथियार से वार के निशान नहीं मिले। मेडिकल रिपोर्ट से स्पष्ट है कि विमल कुमार की हत्या बेहद हिंसक तरीके से की गई थी। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में इस्तेमाल की गई वस्तु की जांच कर रही है। इसी कड़ी में एसआईटी की टीम बुधवार को डेहरी स्थित विमल कुमार के कार्यालय भी पहुंची और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए। वहीं, इस मामले में गिरफ्तार चालक मिथिलेश कुमार की पत्नी ने अपने पति का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने हत्या नहीं की है। उनका आरोप है कि पुलिस दबाव बनाकर उनके पति को इस मामले में फंसा रही है

Updated on:
05 Aug 2026 06:05 pm
Published on:
05 Aug 2026 05:43 pm