
डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार
बिहार के रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या के बाद उनकी पत्नी ने डेहरी से लोजपा (रामविलास) विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि विधायक उनके पति पर 50 लाख रुपये देने का दबाव बना रहे थे। पत्नी के अनुसार, इसी कारण विमल कुमार डेहरी से अपना तबादला कराना चाहते थे।
हालांकि, विधायक सोनू सिंह ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा, "यह आरोप पूरी तरह निराधार हैं। शनिवार को भी मेरी विमल कुमार से मुलाकात हुई थी। वे कुछ उदास थे और कह रहे थे कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। उन्होंने बताया था कि वे पटना जा रहे हैं और सोमवार को लौटकर मुलाकात करेंगे। उन्होंने मुझसे सिर्फ अपने तबादले की बात कही थी।"
डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद में कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में तैनात विमल कुमार पिछले कई महीनों से अपना तबादला चाहते थे। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें वहां कामकाज करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। परिजनों का कहना है कि विधायक ही नहीं, बल्कि कुछ अन्य लोग भी उन पर गलत कार्य करने का दबाव बना रहे थे।
विमल कुमार की पत्नी ने भी आरोप लगाया कि उनके पति लगातार तबादले की कोशिश कर रहे थे। वहीं, विधायक सोनू सिंह ने भी स्वीकार किया है कि विमल कुमार ने उनसे तबादले की बात कही थी। पुलिस अब इन दोनों बयानों को जांच के दायरे में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि चालक मिथिलेश की भूमिका संदिग्ध है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस घटना के पीछे कोई और साजिश भी हो सकती है और मुख्य आरोपी पर्दे के पीछे से पूरी वारदात को संचालित कर रहा हो। इस बीच कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने घटना को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार शनिवार शाम अपनी स्कॉर्पियो से डेहरी से पटना जा रहे थे। इसी दौरान औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में धनौती पुल और लखडीहरा के बीच नहर मार्ग पर सुनसान इलाके में उनकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने इस मामले में उनके चालक मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, सफर के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में चालक ने वाहन में रखी लोहे की रॉड से विमल कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Updated on:
02 Aug 2026 05:28 pm
Published on:
02 Aug 2026 05:05 pm
