2 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बिहार: स्कॉर्पियो में शुरू हुआ विवाद, अफसर की मौत पर हुआ खत्म; EO विमल कुमार हत्याकांड में ड्राइवर गिरफ्तार

डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए उनके चालक मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
Google source verification
vimal kumar

डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार

डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके चालक मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि पटना जाते समय रास्ते में किसी बात को लेकर अधिकारी और चालक के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसके बाद चालक ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस इस मामले को केवल आपसी विवाद मानकर नहीं चल रही है और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।

ड्राइवर निकला हत्यारा

पुलिस के अनुसार, डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार अपनी स्कॉर्पियो से डेहरी से पटना जा रहे थे। बारुण थाना क्षेत्र के धनौती पुल और लख डीहरा के बीच नहर मार्ग पर सफर के दौरान सुनसान इलाके में किसी बात को लेकर उनकी चालक मिथिलेश कुमार से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में चालक ने गाड़ी में रखी लोहे की रॉड उठाकर विमल कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस घटना की सूचना मिलते ही बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल अधिकारी को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और क्या इस हत्या के पीछे कोई अन्य कारण भी था।

हत्या के पीछे साजिश का शक

हालांकि, औरंगाबाद पुलिस ने इस मामले में विमल कुमार के चालक मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन पुलिस फिलहाल इसे केवल आपसी विवाद के बाद हुई हत्या मानने को तैयार नहीं है। जांच एजेंसियां इस मामले के अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं।

जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं इस हत्या के पीछे कोई गहरी साजिश, प्रशासनिक रंजिश या अन्य कारण तो नहीं था। मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहतास और औरंगाबाद, दोनों जिलों के वरीय अधिकारी इसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं। तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।