1 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बाबा भोले की भक्ति का अनोखा अंदाज, स्केटिंग करते हुए देवघर के लिए निकली युवाओं की टोली

बिहार के समस्तीपुर से निकली युवाओं की एक टोली गेरुआ वस्त्र पहनकर स्केटिंग करते हुए देवघर जा रही है। बाबा भोले के प्रति अटूट श्रद्धा और अलग अंदाज में यात्रा करने की चाह ने इन युवाओं को सोशल मीडिया पर भी सुर्खियों में ला दिया है।
2 min read
Google source verification
youths skating to deoghar baba dham

सड़क पर स्केटिंग करते युवा कांवड़िये (Photo: ITG)

बाबा नगरी देवघर के लिए बिहार समेत कई राज्यों से श्रद्धालु निकलने लगे हैं। हर साल सावन के पवित्र महीने में लाखों शिवभक्त विभिन्न माध्यमों से देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक करते हैं। इसी बीच बाबा धाम जाने वाले युवाओं की एक टोली का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में गेरुआ वस्त्र पहने युवा स्केटिंग करते हुए देवघर की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। उनकी यह अनोखी यात्रा लोगों के बीच कौतूहल और आकर्षण का विषय बनी हुई है।

युवाओं की यह स्केटिंग यात्रा 30 जुलाई को बिहार के समस्तीपुर से शुरू हुई थी। यात्रा के दौरान शुक्रवार शाम इनका बेगूसराय में ठहराव हुआ। शनिवार को बेगूसराय के खतोपुर शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने अपनी आगे की यात्रा शुरू की। उनका लक्ष्य सोमवार तक देवघर पहुंचना है।

बाबा भोले में अटूट श्रद्धा

समस्तीपुर निवासी शशि कुमार गोस्वामी ने मोतिहारी और वैशाली के अपने करीब आधा दर्जन दोस्तों के साथ स्केटिंग करते हुए बाबा धाम जाने की योजना बनाई। इसके बाद सभी युवाओं ने गेरुआ वस्त्र धारण किए, पीठ पर तिरंगा और बाबा भोले का ध्वज लगाया तथा स्केटिंग करते हुए और रास्ते में स्टंट दिखाते हुए देवघर के लिए रवाना हो गए।

स्केटिंग करते हुए बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने निकले युवा

स्केटिंग कर रहे युवाओं का कहना है कि उनकी बाबा भोले में अटूट आस्था है। उनका सपना एक सफल यूट्यूबर बनने का है, ताकि वे भविष्य में गरीबों की सेवा कर सकें। उनका कहना है कि वे बाबा भोले से सभी लोगों के सुख-समृद्धि और अपनी इस इच्छा की पूर्ति की कामना करने जा रहे हैं।

युवाओं ने बताया कि उनकी स्केटिंग यात्रा 30 जुलाई को समस्तीपुर से शुरू हुई थी और वे 4 अगस्त तक बाबा नगरी देवघर पहुंचकर पूजा-अर्चना करना चाहते हैं। इसके बाद वे सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

इस अनोखी यात्रा में समस्तीपुर के अंकुश कुमार, श्याम कुमार, अभिजीत कुमार और नितीश कुमार, मोतिहारी के रिशु कुमार, मोहन कुमार और रघुवीर कुमार तथा वैशाली के राहुल कुमार और रितेश कुमार शामिल हैं। यात्रा के दौरान दो बाइक पर उनके साथी सुरक्षा और सहयोग के लिए साथ चल रहे हैं, जबकि एक साइकिल पर खाने-पीने का सामान रखा गया है।