पटना

Bihar Crime: EO विमल कुमार हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पत्नी बोलीं- विधायक 50 लाख मांग रहा था, रोज फोन कर करता था परेशान

डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार हत्याकांड ने नया मोड़ ले लिया है। उनकी पत्नी ने एक विधायक पर 50 लाख रुपये मांगने और लगातार फोन कर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है।
2 min read
Aug 02, 2026
विमल कुमार
विमल कुमार (फाइल फोटो)

Bihar Crime: रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या के बाद उनकी पत्नी ने डेहरी विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि विधायक उनके पति से 50 लाख रुपये की मांग कर रहा था और इसके लिए उन्हें रोज फोन कर परेशान करता था। 29 जुलाई को वो विधायक से मिलने भी गए थे। लेकिन दोनों के बीच क्या बात हुई यह नहीं पता है। उनके अनुसार, इसी वजह से विमल कुमार पिछले कुछ दिनों से काफी तनाव में थे।

विमल कुमार मूल रूप से गया जिले के शेरघाटी के रहने वाले थे, जबकि उनका परिवार पटना के दानापुर स्थित गोला रोड टी-प्वाइंट के पास रहता है। उनका पार्थिव शरीर दानापुर स्थित आवास पर पहुंचा दिया गया है, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें कि शनिवार रात डेहरी से पटना लौटने के दौरान औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र स्थित घनौती पुल के पास उनके चालक मिथिलेश कुमार ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

कार से खींचकर की हत्या

सूत्रों के अनुसार, विमल कुमार के हमलावर पहले से ही घटनास्थल पर घात लगाए बैठे थे। डेहरी से पटना लौटने के दौरान जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो घटनास्थल के पास पहुंची, बदमाशों ने गाड़ी रोक ली। इसके बाद कथित तौर पर उन्हें कार से बाहर खींचकर लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई।

सूत्रों का यह भी दावा है कि मारपीट के बाद बदमाशों ने विमल कुमार को गोली भी मारी थी। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, उनके शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस सभी दावों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।

अहम सुरागों के सहारे जांच तेज

इस पूरे मामले पर रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि प्रारंभिक जांच में चालक की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है। उन्होंने बताया कि औरंगाबाद पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान चालक बार-बार अपना बयान बदल रहा है, जिससे पुलिस को उस पर और अधिक संदेह हो रहा है।

वहीं, औरंगाबाद सदर-1 के एसडीपीओ सुशील कुमार ने दावा किया कि पुलिस को इस हत्याकांड से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं। उन्होंने कहा कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। एसडीपीओ के अनुसार, इस वारदात में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Updated on:
02 Aug 2026 01:48 pm
Published on:
02 Aug 2026 01:05 pm