
(सहरसा): सुपौल में सफाई करने के दौरान मजदूरों की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था उससे पहले ही बिहार में एक और हादसे में सफाई करने वाले चार मजदूर अपनी जान गंवा बैठे। यह हादसा सहरसा जिले के सोनबसा राज में हुआ जहां पर सफाई करने के लिए उतरे पांच मजदूरों में से चार की मौत दम घुटने से हो गई और एक मजदूर बुरी तरह से घायल हो गया जिसे इलाज के लिए सहरसा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
यह दर्दनाक हादसा रविवार सुबह हुआ। मिली जानकारी के अनुसार सोनबसा राज इलाके में एक नए मकान में शौचालाय की टंकी साफ करने के लिए पांच मजदूर टंकी में उतरे थे। टंकी में उतर कर वह सफाई करने लगे। इसी दौरान उनका दम घुटने लगा। एक एक कर सभी मजदूर बेहोश हो गए। चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से मजदूरों को बाहर निकाला जा सका। एक मजदूर को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। घटना स्थल पर लोगों का जमावडा लग गया। लोगों ने पुलिस को इस हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को वहा से दूर हटाया। शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। हादसे के बाद से इलाके में मातमी सन्नटा पसरा है।
सुपौल में हुआ था ऐसा ही दर्दनाक हादसा
बीते दिनो सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव में एक ऐसा ही हादसा हुआ था जिसमे चार मजदूरों की जान चली गई थी। चार मजदूर शौचालय की टंकी साफ करने के लिए उतरे थे तभी जहरीली गैस का रिसाव होने से सभी बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला जा सका। एक मजदूर ने मौके पर ही दम तोड दिया था जबकि तीन मजदूरों की मौत इलाज के दौरान हुई।