
Bihar Development: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर गंगा नदी पर बने ‘नीतीश सेतु’ के नामकरण का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने करीब 20 वर्षों तक बिहार के लोगों की सेवा की और पुल का नाम उनके नाम पर रखा जाना उनके योगदान को दर्शाता है। मांझी ने इस पहल को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का स्वागत योग्य कदम बताया।
मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इस पुल का उद्घाटन होना बिहार के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं, तो राज्य के लिए कुछ न कुछ लेकर आते हैं।
बिहार के विकास का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य अब उस पिछड़ेपन की छवि से आगे निकल चुका है, जिसके लिए उसे पहले जाना जाता था। उनके मुताबिक, बिहार में निवेशकों की रुचि बढ़ रही है और राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है। मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में लाखों करोड़ रुपये के निवेश की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने इसे राज्य के बदलते विकास परिदृश्य का संकेत बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। करीब 4,280 करोड़ की लागत से तैयार यह एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टेड ब्रिज पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। यह परियोजना NH-22 के कच्ची दरगाह को NH-322 के बिदुपुर से जोड़ती है। इसकी कुल लंबाई करीब 19.7 किलोमीटर है, जिसमें 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और करीब 10 किलोमीटर लंबी एप्रोच रोड शामिल है।
बिहार में प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सड़क कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचे, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन समेत कई क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं पर जोर दिया जा रहा है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मांझी ने कहा कि बिहार में बढ़ते निवेश और विकास परियोजनाएं इस बात का संकेत हैं कि राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।