
Kal Ka Mausam: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और महाराष्ट्र समेत 16 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं। लंबे समय बाद देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून पूरे असर के साथ सक्रिय हुआ है।
आईएमडी ने 22 जुलाई के लिए जारी अपने पूर्वानुमान में कहा है कि उत्तर भारत से लेकर पूर्वी, मध्य और पश्चिमी भारत तक मानसूनी गतिविधियां काफी तेज हैं। हरियाणा और मध्य भारत के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन तथा बंगाल की खाड़ी से अरब सागर तक फैली ट्रफ लाइन के प्रभाव से कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़, जलभराव, भूस्खलन और आकाशीय बिजली गिरने जैसी घटनाएं हो सकती हैं।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड), भूस्खलन और सड़कों के बंद होने की आशंका जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है और लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की गई है।
वहीं, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के लिए भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन और चट्टानें गिरने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में श्रद्धालुओं और यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।