
(पटना): आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ही आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवारों के नाम तय करेंगे और रांची के होटवार जेल से ही टिकट बांटेंगे। पार्टी की अहम् बैठक में यह फैसला लिया गया। राबड़ी देवी आवास में शनिवार को हुई राज्य तथा केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक में यह फैसला किया गया। बैठक के दौरान एक प्रस्ताव पास कर लालू यादव को इसके लिए अधिकृत किया गया। इसके साथ ही यह सुनिश्चित हो गया कि महागठबंधन में सीट शेयरिंग का अंतिम फैसला भी लालू यादव ही करेंगे। बैठक में चुनावी तैयारियों पर गरमा गरम चर्चाएं भी हुईं। विधायकों और सांसदों की बैठक खबर लिखने तक जारी थी।
मालुम हो कि बिहार में एनडीए ने सीट वितरण का फार्मूला तय कर लिया है। महागठबंधन में सीट शेयरिंग का मामला सुलझ नहीं पा रहा है। चुनाव का समय भी नजदीक आ रहा है। ऐसे में महागबंधन पर दबाव बढ़ता जा रहा है। महागठबंधन के सभी दल राज्य के मुख्य विपक्षी दल आरजेडी की ओर ताक रहे हैं। विभिन्न दलों के कई नेता रिम्स जाकर लालू प्रसाद यादव से मुलाकात भी कर चुके है। लालू प्रसाद यादव को आरजेडी में उम्मीदवार तय करने और सीट वितरण करने के लिए अधिकृत करने के बाद महागठबंधन के नेताओं में एक आस जगी है कि आरजेडी प्रमुख पार्टी उम्मीदवार तय कर सीट शेयरिंग के मुद्ये को भी जल्द हल करने की ओर बढाएंगे।