मोतिहारी की रहने वाली महिला की नई मांग के बाद अधिकारियों के होश उड़ गए। अंततः पुलिस और परिवार के सदस्यों के काफी समझाने-बुझाने के बाद करीब दो घंटे में वह किसी तरह नीचे उतरी।
मोतिहारी के पिपरा कोठी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला टावर पर चढ़ गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक पुलिस महिला को समझाकर नीचे उतरने का लगातार आग्रह करती रही, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। महिला ने कहा कि यदि पुलिस उसकी बात नहीं मानेगी तो वह टावर से कूदकर जान दे देगी।
टावर पर चढ़ी महिला बार-बार पुलिस से अपने जेठ को रिहा करने की मांग कर रही थी। उसका कहना था कि यदि पुलिस उसके जेठ को रिहा नहीं करेगी तो वह टावर से कूदकर जान दे देगी। दरअसल, मोतिहारी पुलिस ने दो दिन पहले महिला के जेठ रणजीत पासवान को शराब से जुड़े एक पुराने मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। दो दिन पहले हुई गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही महिला आक्रोशित हो गई और गांव के ही मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वह चिल्लाने लगी कि जब तक उसके भसुर को वापस नहीं लाया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी।
आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने तुरंत वरीय अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद सदर डीएसपी, बीडीओ और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम को भी बुला लिया गया।
इधर, महिला लगातार पुलिस से अपने जेठ को रिहा करने की मांग करती रही। पुलिस की अपील का उस पर कोई खास असर नहीं पड़ा। अंततः पुलिस प्रशासन को महिला की जिद के आगे झुकते हुए कोर्ट की प्रक्रिया के बीच से रणजीत पासवान को मौके पर वापस लाना पड़ा।
रणजीत के सामने आने के बावजूद महिला नीचे नहीं उतरी। इसके बाद उसने पुलिस के सामने एक नई शर्त रख दी कि उसे लिखित गारंटी दी जाए कि भविष्य में उसे दोबारा जेल नहीं भेजा जाएगा।
महिला की इस नई मांग के बाद अधिकारियों के होश उड़ गए। अंततः पुलिस और परिवार के सदस्यों के काफी समझाने-बुझाने के बाद वह किसी तरह नीचे उतरी। महिला के नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, महिला की सुरक्षा को देखते हुए उसे हिरासत में लिया गया है।