बिहार: पूर्वी चंपारण के ढाका प्रखंड के बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में शुक्रवार रात दो मंजिला दुकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के ढाका प्रखंड स्थित कुण्डवा चैनपुर थाना क्षेत्र के बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में शुक्रवार की आधी रात को दो मंजिला होलसेल जनरल स्टोर एवं स्पेयर पार्ट्स की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरी इमारत इसकी चपेट में आ गई और मकान धू-धू कर जलने लगा।
मृतकों की पहचान दुकानदार राजकुमार साह के पुत्र और पुत्री तथा दुकान के स्टाफ प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। वहीं, इस अगलगी की घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया है, जिसे ढाका अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घायल की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आधी रात में अचानक आग लगने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बुझने के बजाय तेजी से फैलती चली गई। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, साथ ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सुबह आठ बजे तक फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी रही। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
भीषण अग्निकांड में दुकान में रखे भारी मात्रा में किराना एवं अन्य सामान जलकर राख हो गए हैं। आग कैसे लगी, इस संबंध में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
सिकरहना डीएसपी उदयशंकर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो मंजिला मकान में आग लगी थी, जिसे बुझा दिया गया है। इस अगलगी की घटना में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हुई है।