पटना

दो दिन पहले आए किराएदार ने पूर्व बैंक कैशियर और पत्नी की हत्या की, बेंगलुरु में बैठे बेटे ने कैमरे से देखी ‘अनहोनी’

Muzaffarpur Double Murder: बिहार के मुजफ्फरपुर में दो दिन पहले आए किराएदार ने सेवानिवृत्त बैंक कैशियर और उनकी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। बेंगलुरु में मौजूद बेटे ने CCTV पर वारदात को होते देखा। पुलिस ने SIT गठित कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
2 min read
Jul 22, 2026
Muzaffarpur Double Murder
दो दिन पहले आए किराएदार ने बैंक कैशियर और पत्नी की हत्या की (Photo: Video Grab)

Bihar Double Murder: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चौरी में 75 वर्षीय एक सेवानिवृत्त बैंक कैशियर और उनकी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड का सबसे भयावह पहलू यह रहा कि बेंगलुरु में मौजूद उनका बेटा घर के सीसीटीवी कैमरे पर पूरी वारदात का खौफनाक मंजर देख रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस सनसनीखेज हत्या के पीछे महज दो दिन पहले किराए पर रहने आया युवक है, जो वारदात के बाद से फरार है। उसे दबोचने के लिए DIU, एसटीएफ और सर्विलांस टीम जुटी हुई है।

बेंगलुरु में बैठे बेटे ने CCTV पर सब कुछ देखा लाइव

मृतक दंपती का बेटा निखिल कुमार बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। निखिल ने सोमवार शाम अपने मोबाइल से घर के सीसीटीवी कैमरों का लाइव एक्सेस खोला तो सन्न रह गया। उसने देखा की घर के अंदर दो से तीन संदिग्ध लोग मौजूद है। इसी दौरान उनकी मां नीलम छत की ओर भागती हुई भी नजर आईं। यह दृश्य देखते ही निखिल के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत अपने माता-पिता को कई बार फोन किया, लेकिन दोनों के मोबाइल बंद मिले।

परिचित को किया फोन, घर पहुंचते ही सामने आया खौफनाक सच

अनहोनी की आशंका होते ही निखिल ने मुजफ्फरपुर में रहने वाले पड़ोसी अमित कुंवर (75) को फोन कर तुरंत घर जाने को कहा। पड़ोसी जब टॉर्च लेकर पहली मंजिल पर पहुंचे तो वहां निखिल के पिता अशोक का शव खून से लथपथ पलंग पर पड़ा मिला। उन पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे।

इसके बाद निखिल के कहने पर अमित दूसरी मंजिल पर पहुंचे, जहां निखिल की मां नीलम (70) भी मृत अवस्था में मिलीं। उनके हाथ-पैर पलंग से बंधे थे और मुंह पर टेप चिपका था। नीलम की गला घोंटकर हत्या की गई थी।

दो दिन पहले आया किराएदार निकला मुख्य आरोपी

पुलिस की प्रारंभिक जांच से पता चला कि इस दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी कोई और नहीं बल्कि 18 जुलाई को ही मकान के दूसरे मंजिल पर किराए पर रहने आया युवक था। वह सोमवार शाम करीब चार बजे सीसीटीवी फुटेज में घटनास्थल से भागता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद से वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

मोबाइल और दस्तावेज भी ले गया आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दंपती के मोबाइल फोन और दस्तावेज भी साथ ले गया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। आरोपी अपने साथ वह दस्तावेज लेकर गया है, जो उसने अशोक को दिए थे। जिसमें उसका पहचान पत्र आदि शामिल है। घटनास्थल से पुलिस और फॉरेंसिक टीम को केवल दस्ताने और छोटा बैग मिला हैं।

हाल ही में हुई थी बायपास सर्जरी और लीवर का ऑपरेशन

निखिल ने बताया कि उनके पिता अशोक कुंवर 2014 में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से कैशियर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इलाके में लोग उन्हें 'कैशियर साहब' के नाम से जानते थे। कुछ महीने पहले उनकी बायपास सर्जरी और लीवर का ऑपरेशन हुआ था, जिससे वे काफी कमजोर हो गए थे।

SIT का गठन, SSP ने किया जल्द गिरफ्तारी का दावा

एसएसपी कंतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसआईटी (SIT) बनाई गई है। इस जघन्य वारदात की तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। उधर, कुंवर परिवार इस घटना से गहरे सदमे में है और स्थानीय लोग आक्रोशित हैं।

Updated on:
22 Jul 2026 02:12 pm
Published on:
22 Jul 2026 01:58 pm