
राजद सांसद सुधाकर सिंह (फोटो- sudhakar singh FB)
Bakhtiyarpur Name Change: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृहनगर बख्तियारपुर का नाम बदलकर 'नीतीशपुर' करने के प्रस्ताव पर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद सुधाकर सिंह ने NDA नेताओं की इस मांग की कड़ी आलोचना की है। तंज कसते हुए सुधाकर सिंह ने कहा कि जिन लोगों के पास जनता की भलाई के लिए कोई ठोस काम नहीं होता, वे नाम और रंग बदलने की राजनीति में ही उलझे रहते हैं।
जब पत्रकारों ने सांसद सुधाकर सिंह से बख्तियारपुर का नाम बदलकर 'नीतीशपुर' करने की मांग के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता, कौन ऐसी मांग कर रहा है। कोई काम-वाम नहीं होगा तो नाम-वाम बदलने का काम करते रहते हैं, रंग बदलने का काम करते रहते हैं। राजनीति में कुछ इसी तरह के गुंडे आ गए हैं।"
सुधाकर सिंह ने आगे कहा कि राज्य अभी भीषण बाढ़ से जूझ रहा है और सैकड़ों लोगों की मौत की खबरें आ रही हैं। बाढ़ पीड़ितों के लिए नाव या खाने-पीने की उचित व्यवस्था नहीं है और न ही मवेशियों के चारे पर कोई ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बिहार की जनता को उनके हाल पर छोड़ दिया है और जमीनी संकटों से ध्यान भटकाने के लिए जगहों के नाम बदलने जैसे गैर-जरूरी मुद्दे उठा रही है।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने मांग की है कि बख्तियारपुर का नाम बदलकर 'नीतीशपुर' कर दिया जाए। सुमन ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास और सुशासन के लिए ऐतिहासिक काम किए हैं, जिन्हें सदियों तक याद रखा जाएगा।
संतोष सुमन ने कहा कि बख्तियारपुर सिर्फ एक जगह नहीं है, यह उस महान 'जन नेता' की जन्मभूमि है, जिन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में बिहार की राजनीति और विकास को एक नई पहचान दी। जिस धरती ने बिहार को नीतीश कुमार जैसा नेता दिया, उस मिट्टी के गौरव और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए बख्तियारपुर का नाम बदलकर 'नीतीशपुर' किया जाना चाहिए।
पटना जिले में स्थित बख्तियारपुर का नाम बदलने की मांग कोई नई बात नहीं है; बीजेपी नेताओं ने पहले भी कई बार यह मुद्दा उठाया है। साल 2018 में केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने मांग की थी कि मुस्लिम हमलावरों के नाम पर रखे गए बख्तियारपुर जैसे शहरों नाम बदल दिए जाएं। साल 2021 में तत्कालीन बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने शहर का नाम बदलकर 'नीतीश नगर' करने की मांग की थी।
Updated on:
10 Sept 2026 04:29 pm
Published on:
10 Sept 2026 04:27 pm
