10 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बिहार में हर महीने 10 तारीख को आएगी सामाजिक सुरक्षा पेंशन, CM सम्राट चौधरी ने किया ऐलान

Bihar Pension Scheme; बिहार CM सम्राट चौधरी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन हर महीने की 10 तारीख को DBT के जरिए लाभार्थियों के खातों में भेजने का ऐलान किया। अगस्त की 1,233.87 करोड़ रुपये की पेंशन 105.68 लाख लाभार्थियों को ट्रांसफर की गई।
2 min read
Google source verification

पटना

image

Imran Ansari

Sep 10, 2026

Samrat Choudhary

बिहार में हर महीने 10 तारीख को आएगी सामाजिक सुरक्षा पेंशन, फोटो सोर्स- ANI

Bihar CM Samrat Choudhary: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब सभी पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में हर महीने की 10 तारीख को DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए पेंशन की राशि भेजी जाएगी।

मुंगेर के हवेली खड़गपुर स्थित गंगटा मोड़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अगस्त 2026 की पेंशन के रूप में 1,233.87 करोड़ रुपये की राशि DBT के जरिए 105.68 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की। प्रत्येक लाभार्थी को 1,100 रुपये की दर से पेंशन दी गई। इस बार सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में 98,896 नए लाभार्थियों को भी जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के खातों में समय पर पेंशन पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए हर महीने की 10 तारीख को पेंशन भुगतान के लिए तय किया गया है।

जाति-धर्म के आधार पर नहीं होगा भेदभाव

सम्राट चौधरी ने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति के साथ जाति, धर्म या किसी अन्य आधार पर भेदभाव नहीं किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों तक पहुंचाना है।

NH-333 के चौड़ीकरण की रखी आधारशिला

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट के जरिए राष्ट्रीय राजमार्ग-333 के गंगटा से कोहबरवा मोड़ तक करीब 10 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य की आधारशिला भी रखी। यह सड़क गंगटा के 28.340 किलोमीटर से कोहबरवा मोड़ के 38.340 किलोमीटर तक विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से रास्ता सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। इससे मुंगेर, जमुई और आसपास के क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और विकास को गति मिलेगी।

फरक्का जल समझौते में बिहार के हित की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार फरक्का जल समझौते में ऐसे प्रावधान शामिल कराने का प्रयास करेगी, जिससे बिहार को अपनी जरूरत के अनुसार पानी मिल सके। उन्होंने कहा कि बिहार के हित में जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन जरूरी है। साथ ही गंगा नदी में फरक्का बैराज तक जमा होने वाली गाद की समस्या के समाधान की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

150 करोड़ रुपये से विकसित होगा मुंगेर-जमुई वन क्षेत्र

सम्राट चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार करीब 150 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत मुंगेर-जमुई वन क्षेत्र के विकास पर भी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भीम बांध क्षेत्र को विकसित और सुंदर बनाया जाएगा। यहां ट्रैकिंग रूट और होटल जैसी सुविधाएं विकसित कर देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने की योजना है। उन्होंने बताया कि तारापुर और हवेली खड़गपुर में इसी महीने से कोर्ट की सुविधाएं भी शुरू हो जाएंगी।

1 सितंबर से 30 नवंबर तक चलेगा हेल्थ चेकअप अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 1 सितंबर से 30 नवंबर तक स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत करीब 6.5 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी। जांच के बाद जरूरत के अनुसार इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 'सेवा संकल्प कायाकल्प अभियान' शुरू होगा। इसके तहत स्कूलों के बुनियादी ढांचे में सुधार किया जाएगा और जिन स्कूलों व आंगनवाड़ी केंद्रों में शौचालय की सुविधा नहीं है, वहां शौचालय उपलब्ध कराने पर काम किया जाएगा।
कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।