
करोड़ों की संपत्ति के लिए बड़ी साजिश! सृष्टी के माता-पिता और बहन पर केस दर्ज (Photo: X/IANS)
Mumbai Crime News: मुंबई के जोगेश्वरी पूर्व स्थित हाई-प्रोफाइल ओबेरॉय स्प्लेंडर सोसायटी में 14वीं मंजिल से गिरकर 33 वर्षीय सृष्टि जैन की मौत के मामले में चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। शुरुआत में इस घटना को आत्महत्या और दहेज प्रताड़ना से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन अब करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने के लिए कथित साजिश रचे जाने का खुलासा भी हुआ है। इस मामले में मेघवाड़ी पुलिस ने सृष्टि के माता-पिता और छोटी बहन के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
यह मामला 2 दिसंबर 2025 की रात का है, जब सृष्टि जैन जोगेश्वरी स्थित अपने आलीशान फ्लैट की 14वीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गई थीं। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
सृष्टि के पिता सुशील जैन की शिकायत पर मेघवाड़ी पुलिस ने सृष्टि के पति अमित जैन और ससुर राजेंद्र जैन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। मार्च में दोनों को गिरफ्तार भी किया गया था, हालांकि चार्जशीट दाखिल होने के बाद अदालत ने उन्हें जमानत दे दी।
इस मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब अमित जैन को इंदौर की एक सिविल कोर्ट से नोटिस मिला। यह नोटिस सृष्टि की छोटी बहन तरुषी जैन की ओर से भेजा गया था।
नोटिस में दावा किया गया कि सृष्टि की मौत से करीब 20 दिन पहले 16 नवंबर को उसने एक गैर-पंजीकृत वसीयत बनाई थी। इस कथित वसीयत में सृष्टि की पूरी संपत्ति की एकमात्र वारिस उनकी छोटी बहन तरुषी जैन को बताया गया था।
इस वसीयत पर संदेह होने के बाद अमित जैन ने दस्तावेज में मौजूद सृष्टि के हस्ताक्षरों की फॉरेंसिक जांच कराई। जांच रिपोर्ट में कथित तौर पर यह सामने आया कि वसीयत पर किए गए हस्ताक्षर फर्जी थे और सृष्टि के असली हस्ताक्षरों से मेल नहीं खाते थे। इस खुलासे के बाद यह साफ हो गया कि सृष्टि की करोड़ों की संपत्ति अपने नाम करने के लिए उसके अपने माता-पिता और छोटी बहन ने मिलकर फर्जी वसीयत रचने का षड्यंत्र रचा था। फिलहाल पुलिस इसकी जांच कर रही है।
मेघवाड़ी पुलिस ने सृष्टि की मां, पिता और छोटी बहन के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि फर्जी वसीयत कब तैयार की गई और सृष्टि की मौत का इससे कोई संबंध तो नहीं है।
Updated on:
21 Jul 2026 04:59 pm
Published on:
21 Jul 2026 04:56 pm
