पटना

नीतीश कुमार ने राज्य सभा के लिए किया नामांकन, अमित शाह – नितिन नवीन के साथ एक ही गाड़ी में पहुंचे विधानसभा

Rajya Sabha Election: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को राज्य सभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह समेत एनडीए के तमाम नेता मौजूद थे। 

2 min read
Mar 05, 2026
राज्य सभा के लिए नामांकन करते सीएम नीतीश कुमार

Rajya Sabha Election: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्य की सत्ता छोड़कर दिल्ली जाने के लिए तैयार हैं। पिछले कुछ दिनों से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए, नीतीश कुमार ने आज राज्य सभा चुनाव के लिए अपना नॉमिनेशन पेपर फाइल कर दिया है। नीतीश कुमार के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी नामांकन पर्चा दाखिल किया है। इस पूरी प्रक्रिया में शामिल होने के लिए खुद देश के गृह मंत्री अमित शाह भी पटना पहुंचे थे।

एक ही गाड़ी से विधानसभा पहुंचे

नॉमिनेशन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एक ही गाड़ी में सवार होकर विधानसभा पहुंचे थे। उनके साथ बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्ह के अलावा ललन सिंह, मंगल पांडे, अशोक चौधरी समेत की अन्य नेता भी मौजूद थे। नॉमिनेशन के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गृह मंत्री पहले स्टेट गेस्ट हाउस गए और फिर वहां से नीतीश कुमार एक अणे मार्ग पर मुख्यमंत्री आवास लौट आए।

नामांकन से पहले अमित शाह के साथ बैठक

राज्य सभा चुनाव को लेकर बिहार की राजनीति में पहले से ही हलचल थी। ऐसे में गृह मंत्री अमित शाह का पटना दौरा इस चर्चा को और तेज कर गया। गुरुवार सुबह अमित शाह सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया और उन्हें शॉल भेंट किया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच अहम बैठक हुई, जिसमें भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में राज्य सभा चुनाव के साथ-साथ बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

एनडीए उम्मीदवारों ने भी भरा पर्चा

नीतीश कुमार के साथ-साथ एनडीए के अन्य उम्मीदवारों ने भी राज्य सभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। इनमें भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, जदयू नेता रामनाथ ठाकुर, भाजपा के शिवेश कुमार राम और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं। नामांकन के दौरान विधानसभा परिसर में एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे।

नामांकन से पहले नीतीश का संदेश

नामांकन से पहले नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक संदेश भी साझा किया। उन्होंने लिखा कि जब उन्होंने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी, तब से उनके मन में यह इच्छा थी कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के भी दोनों सदनों के सदस्य बनें। उन्होंने लिखा कि इसी इच्छा को पूरा करने के लिए वे इस बार राज्यसभा का चुनाव लड़ रहे हैं और बिहार की नई सरकार को उनका पूरा समर्थन रहेगा।

Also Read
View All

अगली खबर