
पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी। फोटो- @NitishKumar
पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य सभा सांसद नीतीश कुमार शनिवार को विधिवत 1 अणे मार्ग स्थित सीएम आवास छोड़कर 7 सर्कुलर रोड शिफ्ट हो गए। अब वे अपने बेटे निशांत कुमार के साथ नए आवास में ही रहेंगे। नए पते 7 सर्कुलर रोड पर नीतीश कुमार से मिलने आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी पहुंचे। जबकि डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी पहले से वहां मौजूद थे। तीनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई, जिसमें मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की गई। इससे पहले सुबह नीतीश कुमार डिप्टी सीएम विजेंद्र यादव के आवास पर उनसे मिलने पहुंचे थे, जहां वे करीब 10 मिनट तक रुके थे।
पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य सभा सांसद नीतीश कुमार ने शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर अपने नए आवास 7 सर्कुलर रोड में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ निशांत भी मौजूद रहे। पूजा के लिए बौद्ध भिक्षुओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। पूजा के बाद वे अपने बेटे के साथ 1 अणे मार्ग लौट गए थे।
शनिवार सुबह वे औपचारिक रूप से नए आवास में शिफ्ट हो गए। उनका सामान शुक्रवार से ही नए पते पर भेजा जा रहा था, जो शनिवार को भी जारी रहा। नए बंगले को फूलों से सजाया गया है और सुरक्षा के मद्देनज़र यहां पहले से ही Z+ श्रेणी की सुरक्षा तैनात कर दी गई है।
नीतीश कुमार नए आवास में शिफ्ट होने के बाद अब आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद के पड़ोसी बन गए हैं। उनका नया घर 7 सर्कुलर रोड, राबड़ी देवी के आवास से महज दो घर की दूरी पर है। दोनों बंगलों के बीच लगभग 200 मीटर का फासला है और दोनों ही सर्कुलर रोड के दक्षिणी हिस्से में स्थित हैं।
नीतीश कुमार से मिलने उनके नए आवास पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहुंचे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में जदयू नेता और डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं के बीच करीब 25–30 मिनट तक बातचीत हुई।
इससे पहले नीतीश कुमार ने दूसरे डिप्टी सीएम विजेंद्र यादव के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी। सूत्रों के मुताबिक, अगले चार-पांच दिनों में सम्राट कैबिनेट का विस्तार हो सकता है, जिसे लेकर मंथन तेज हो गया है। इस मुलाकात के बाद बिहार की सियासत में हलचल और तेज हो गई है।
Updated on:
02 May 2026 03:01 pm
Published on:
02 May 2026 02:36 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
