
सांकेतिक तस्वीर। फोटो -(AI Generated)
पटना से सटे बाढ़ में शादी के दौरान सेल्फी लेने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे दूल्हा और दुल्हन को भी भागकर छिपना पड़ा। हालात बिगड़ने पर पुलिस को बुलाया गया, जिसके बाद स्थिति को शांत कराया गया। इसके बाद पुलिस की निगरानी में शादी के फेरे संपन्न कराए गए।
यह घटना पटना से सटे बाढ़ क्षेत्र की है। 01 मई को शादी की खुशियों के बीच सेल्फी को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि माहौल पूरी तरह बिगड़ गया। हंगामा बढ़ने पर दूल्हा-दुल्हन को भी छिपना पड़ा। देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
स्थिति बिगड़ती देख आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया और सुरक्षा के बीच शादी के फेरे संपन्न कराए गए। इस दौरान दोनों पक्षों के कई रिश्तेदार घायल भी हो गए। पुलिस के अनुसार, सभी को समझाकर मामला शांत करा दिया गया है। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियातन पुलिस नजर बनाए हुए है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र स्थित उमानाथ मंदिर में 01 मई की रात शादी हो रही थी। दूल्हा और दुल्हन वरमाला कर चुके थे और विवाह की रस्में चल रही थीं। कुछ ही देर में दोनों सात फेरे लेने वाले थे।
इसी दौरान समारोह में मौजूद कुछ लोग इन पलों को सेल्फी और फोटो के जरिए मोबाइल में कैद कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। हालात बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
Updated on:
02 May 2026 11:22 am
Published on:
02 May 2026 11:21 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
