पटना में ब्लैकआउट मॉकड्रिल के दौरान अपराधियों ने मसाला कारोबारी पिंटू साव उर्फ बड़का की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सुलतानगंज थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट की है। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पटना में ब्लैकआउट मॉकड्रिल के दौरान मसाला कारोबारी की गोली मारकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान सुलतानगंज थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट निवासी 35 वर्षीय पिंटू साव उर्फ बड़का के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने कारोबारी के सिर में गोली मार दी, जिससे वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर शाम सरकार की पहल पर शहर में ब्लैकआउट मॉकड्रिल चल रही थी। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने पिंटू साव को बेहद करीब से गोली मारी थी, जिससे एक ही गोली लगने पर उसकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मसाला व्यवसायी की हत्या क्यों की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि दो दिन पहले पिंटू साव की किसी व्यक्ति से कहासुनी हुई थी। वह व्यक्ति कौन था और विवाद किस बात को लेकर हुआ था, पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि ब्लैकआउट की वजह से सीसीटीवी फुटेज स्पष्ट नहीं मिल पाया है, जिसके कारण अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है। नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) ने कहा कि FSL टीम को साक्ष्य संकलन हेतु बुलाया गया है। शव को पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भेजा गया है। नगर पुलिस अधीक्षक का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शुरुआत में किसी को कुछ समझ नहीं आया। लेकिन, जैसे ही पिंटू जमीन पर गिरा, लोगों को घटना का एहसास हुआ। इसके बाद आनन-फानन में उसे पीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सिटी एसपी ईस्ट परिचय कुमार ने बताया कि घटना के समय पिंटू के पिता भी दुकान पर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि कुछ छात्रों के साथ पैसों को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।