पटना

पटना: बच्चों के विवाद में दो गुटों में झड़प, फायरिंग और पत्थरबाजी कई लोग जख्मी

मनेर में बच्चों के विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में कई लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने इस मामले में 25 लोगों को हिरासत में लिया है।

2 min read
Mar 27, 2026
पटना में बच्चों के विवाद में दो गुटों में झड़प। फोटो -पत्रिका

पटना से सटे मनेर में बच्चों के विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में कई लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच करीब आधे घंटे तक पत्थरबाजी होती रही। इस दौरान पांच राउंड फायरिंग भी हुई। पुलिस ने मामले में 25 लोगों को हिरासत में लिया है। घटनास्थल से दो देसी कट्टे, एक जिंदा कारतूस और पांच खोखे भी बरामद किए गए हैं।

यह घटना पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के खासपुर पंचायत स्थित छितनावा गांव की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले 15 दिनों से बच्चों के विवाद को लेकर यहां तनाव बना हुआ था, जो गुरुवार को हिंसक झड़प में बदल गया।

विवाद दो पक्षों के बीच कहासुनी से शुरू हुआ और देखते ही देखते उग्र हो गया। पहले दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई, इसके बाद गोलीबारी भी शुरू हो गई। इस दौरान पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

पुलिस के मुताबिक, दोनों ओर से करीब पांच राउंड फायरिंग की गई। घटनास्थल से पांच खाली खोखे बरामद किए गए हैं। इसके अलावा, पुलिस ने दो देसी पिस्टल भी जब्त किए हैं। इस मामले में पुलिस ने दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।

कई लोग जख्मी

दोनों पक्षों के बीच हुई ईंट-पत्थरबाजी में कई लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, करीब आधे घंटे तक दोनों ओर से लगातार पथराव और गोलीबारी होती रही। पत्थर और ईंट लगने से महिला-पुरुष समेत आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। कई लोगों के सिर फूट गए, जबकि अन्य के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। हालांकि, उपद्रवियों का दुस्साहस इतना था कि वे पुलिस की मौजूदगी में भी एक-दूसरे पर पत्थरबाजी और फायरिंग करते रहे। हालात को बिगड़ता देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया और मौके से दो दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया।

फिलहाल, पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और उपद्रव के मुख्य कारणों के साथ-साथ हथियारों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस कैंप में बदला गांव

मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने इस घटना को लेकर बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। हालांकि, गांव में तनाव को देखते हुए शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Updated on:
27 Mar 2026 09:53 am
Published on:
27 Mar 2026 09:34 am
Also Read
View All

अगली खबर