पटना

अनंत सिंह के नक्शे कदम पर पवन सिंह, विधानसभा चुनाव से पहले खरीदी करोड़ों की कार

भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह अब बाहुबली अनंत सिंह की कतार में शामिल हो गए हैं। अनंत सिंह की तरह, पवन सिंह ने भी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले करोड़ों की लैंड क्रूजर कार खरीदी है। जानिए बिहार में किसके पास है ये कार और क्या हैं इसकी खासियतें।
2 min read
Oct 03, 2025
पवन सिंह की नई कार
पवन सिंह कि नई कार (फोटो-पत्रिका)

बिहार की सियासत में इस बार सिर्फ नेताओं की बयानबाजी ही नहीं, बल्कि उनकी गाड़ियों का जलवा भी चर्चा में है। विधानसभा चुनाव 2025 से पहले नेताओं में टोयोटा लैंड क्रूज़र खरीदने का क्रेज बढ़ता जा रहा है। मोकामा के बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह के बाद अब भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार और चर्चित नेता पवन सिंह ने भी करोड़ों की यह लग्ज़री एसयूवी खरीद ली है। सूत्रों के मुताबिक, पवन सिंह 5 अक्टूबर को पटना स्थित बीजेपी कार्यालय में औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इससे पहले उन्होंने लैंड क्रूज़र खरीदकर अपनी चुनावी तैयारियों का संकेत साफ कर दिया है।

लैंड क्रूज़र में क्यों बैठ रहे नेता?

बिहार चुनावी मैदान में लैंड क्रूज़र नेताओं की पहली पसंद बन चुकी है। इससे पहले कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह, कुचायकोट विधायक अमरेंद्र पांडे, बेलागंज की जेडीयू विधायक मनोरमा देवी के बेटे रॉकी यादव और बाहुबली अनंत सिंह ने भी यह गाड़ी खरीदी थी। अब पवन सिंह भी इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं। कई लोगों का ऐसा मानना है कि लैंड क्रूज़र नेताओं के लिए सिर्फ स्टेटस सिंबल ही नहीं, बल्कि चुनावी प्रचार के दौरान सुरक्षा और ताकत दिखाने का साधन भी बन गई है।

बीजेपी में पवन सिंह की घर वापसी

भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह ने हाल ही में दिल्ली में बीजेपी नेताओं से मुलाकात कर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी थी। उन्होंने रलोमो अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भेंट की थी। अब 5 अक्टूबर को उनकी बीजेपी में औपचारिक एंट्री तय मानी जा रही है। गौरतलब है कि पवन सिंह ने 2024 के लोकसभा चुनाव में काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़कर एनडीए को करारा झटका दिया था। इस बार कयास लगाए जा रहे हैं कि वे काराकाट या आरा से विधानसभा का टिकट मांग सकते हैं।

लैंड क्रूज़र की खासियत

टोयोटा की यह फुल-साइज लैंड क्रूज़र एसयूवी भारत में 3346 cc डीजल इंजन और 10-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध है। यह गाड़ी 304.4 बीएचपी पावर और 700 एनएम टॉर्क देती है। ऑफ-रोडिंग और लंबी दूरी की यात्राओं में इसकी क्षमता बेजोड़ मानी जाती है। कीमत की बात करें तो भारत में इसकी ऑन-रोड वैल्यू 2.5 करोड़ रुपये से ज्यादा है।

चुनावी मैदान में दिखेगा लैंड क्रूज़र का जलवा

बिहार चुनाव में इस बार सिर्फ नारों और रैलियों की गूंज नहीं होगी, बल्कि करोड़ों की लैंड क्रूज़र में बैठकर नेता जनता के बीच पहुंचेंगे। पवन सिंह की इस नई एंट्री से यह साफ हो गया है कि 2025 का चुनाव मैदान राजनीतिक बयानबाजी के साथ-साथ गाड़ियों के जलवे से भी गूंजेगा।

Updated on:
03 Oct 2025 01:28 pm
Published on:
03 Oct 2025 01:28 pm