
मोतिहारी में सिलेंडर के लिए दो लोग आपस में भिड़े। फोटो-AI Generated
Bihar LPG Crisis: बिहार में एलपीजी गैस सिलेंडर की कथित किल्लत का असर अब कई जिलों में देखने को मिल रहा है। राजधानी पटना में जहां स्ट्रीट फूड का कारोबार प्रभावित हुआ है, वहीं प्रदेश के अन्य शहरों से सिलेंडर को लेकर विवाद और हंगामे की खबरें सामने आ रही हैं। मोतिहारी में गैस सिलेंडर को लेकर दो लोगों के बीच झड़प हो गई। वहीं दरभंगा में सुबह से लाइन में खड़े लोगों को सिलेंडर नहीं मिलने पर उन्होंने हंगामा कर दिया। हालांकि, जिला प्रशासन का दावा है कि पूरे प्रदेश में कहीं भी एलपीजी गैस सिलेंडर की कोई किल्लत नहीं है।
एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर शनिवार सुबह मोतिहारी से मारपीट की सूचना सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, लाइन में खड़े होने को लेकर दो लोग आपस में भिड़ गए। हालांकि, आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों को शांत कराया। वहीं दरभंगा में भी शनिवार सुबह 6 बजे से ही लोग गैस एजेंसी के सामने लाइन में खड़े हैं। लाइन में आगे-पीछे होने को लेकर कई बार लोगों के बीच नोकझोंक की स्थिति बन रही है। बताया जा रहा है कि गैस एजेंसी खुलने से पहले ही वहां 100 से ज्यादा लोग लाइन में लग चुके थे।
गैस सिलेंडर की कमी का असर अब बाजार पर भी दिखने लगा है। ठेले पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की कीमतों में 20 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो गई है। इसी तरह गैस उपलब्ध नहीं होने के कारण लकड़ी और कोयले की मांग बढ़ गई है, जिससे इनके दाम भी तेजी से बढ़ने लगे हैं। वहीं, इंडक्शन चूल्हों की कीमतों में भी भारी उछाल आया है और इनके दाम करीब पांच गुना तक बढ़ गए हैं।
पटना में कई गैस एजेंसियों के बाहर सुबह चार बजे से ही लोग लाइन में खड़े हैं। एचपी गैस गोदाम के बाहर करीब 500 मीटर लंबी कतार लगी हुई है। दरअसल, पटना में गैस एजेंसियों का सर्वर डाउन होने की वजह से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि वे दो दिनों से बुकिंग कराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हर बार सर्वर डाउन होने की सूचना मिल रही है।
इधर, बिहटा में 45 दिनों बाद सिलेंडर मिलने की सूचना मिलने पर लोग अपना काम-धंधा छोड़कर गैस एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े हो गए हैं। यहां लोग सुबह चार बजे से ही सिलेंडर के लिए कतार में लगे हुए हैं, जिसके कारण करीब 800 मीटर लंबी लाइन लग गई है। भीड़ बढ़ने की वजह से प्रशासन के अधिकारी भी गैस एजेंसी के पास तैनात हैं।
पटना में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत का असर स्ट्रीट फूड कारोबार पर साफ दिखाई देने लगा है। शहर के व्यस्त इलाकों में, जहां आम दिनों में चाय-नाश्ता, चाट, छोले-भटूरे, एग रोल और नूडल्स के ठेलों पर लोगों की भीड़ लगी रहती थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। गैस सिलेंडर नहीं मिलने की वजह से करीब 40 प्रतिशत दुकानें बंद हो चुकी हैं, जिससे छोटे कारोबारियों की रोजी-रोटी पर भी असर पड़ रहा है।
Published on:
14 Mar 2026 11:34 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
